******** ग़ज़ल*********
शकूर अनवर
*
खुदा जाने मैं किसके वास्ते क्यों कर बनाता हूँ।
मगर काग़ज़ पे अक्सर तितलियों के पर बनाता हूँ।।
*
नहीं है शाख़ अब तो कोई भी महफ़ूज़* गुलशन में।
जलाती है वहीं बिजली जहाँ भी घर बनाता हूँ।।
*
समन्दर की तहों में गोहरे-नायाब मिलते हैं।
मैं अपना रास्ता दिल के बहुत अन्दर बनाता हूँ।।
*
अगर टूटे तो टूटें अब यहाँ पर मन्दिरो-मस्जिद।
मैं दिल को सख़्ती-ए-हालात से पत्थर बनाता हूँ।।
*
ख़याले-यार* से फ़िक्रे-सुख़न तस्कीन पाती है।
जमाले-यार* से अशआर को बेहतर* बनाता हूँ।।
*
हुआ मशहूर आज़र* पत्थरों से बुत* बनाने में।
मेरा फ़न* और है मैं पत्थरों से घर बनाता हूँ।।
*
चमन को जा-ब-जा* रंगीन करता है लहू मेरा।
मैं अपने ख़ून से “अनवर” कई मंज़र* बनाता हूँ।।
*
शब्दार्थ:-
महफ़ूज़*सुरक्षित
गोहरे-नायाब*अनमोल रत्न
सख़्ती-ए-हालात*हालात में सख़्ती ,तनाव
ख़याले-यार*प्रेमिका का खयाल
जमाले-यार*प्रेमिका का सौंदर्य
बेहतर*सुंदर
आज़र*अरब के एक प्रसिद्ध मूर्तिकार का नाम
बुत*मूर्ति
फ़न*कला
जा-ब-जा* जगह-जगह
मंज़र*दृश्य
*
शकूर अनवर
9460851271
*******ग़ज़ल-2*********
शकूर अनवर
*
बहुत गहरे हैं उन ऑंखों के मंज़र।
कहीं देखे नहीं ऐसे समन्दर।।
*
चराग़ों से चराग़ों को जलाकर।
बना लो रोशनी का एक लश्कर*।।
कहाँ जायेंगे हम अपनों से कटकर।
रहेंगी मछलियाँ दरिया के अन्दर।।
*
ज़रा सी ज़िंदगी में सुख समेटो।
मिला है ओस को फूलों का बिस्तर।।
*
तुम्हारी नफ़रतें तुमको मुबारक।
तुम अपने पास रक्खो अपने ख़ंजर।।
*
तुम अपनी असलियत भी खो रहे हो।
मिलेगा क्या तुम्हें चेहरा बदल कर।।
*
कोई रोके ज़रा इस चाॅंदनी को।
कोई देखे सितारों को बुझाकर।।
*
बहा ले जायेगा सैलाब*”अनवर”।
न रक्खो आप इतना घर सजाकर।।
*
शब्दार्थ:-
लश्कर*समूह,फौज
सैलाब*बाढ़
शकूर अनवर
9460851271






