ग़ज़ल
शकूर अनवर
देखता कौन हौसला मेरा।
सबने देखा है डूबना मेरा।।
*
मैं किसी के भी साथ क्या चलता।
था अलग सब से रास्ता मेरा।।
*
ज़ीस्त* गुज़री सनम परस्ती* में।
फिर भी रूठा है देवता मेरा।।
*
ये ज़माना तो ख़त्म कर देता।
आगे आया लिया-दिया मेरा।।
*
मैं ये समझा कहीं पे रख आया।
वो तो दिल में ही था ख़ुदा मेरा।।
*
याद रखना मेरी मुहब्बत को।
भूल जाना कहा-सुना मेरा।।
*
क्या डराता है ऐ ज़माने सुन।
जो भी होना था हो चुका मेरा।।
*
जो नहीं हूँ मैं वो दिखाता है।
है ख़फ़ा* मुझसे आईना मेरा।।
*
कितना बिखरा हुआ हूँ अब “अनवर”।
कितना मुश्किल था टूटना मेरा।।
*
शब्दार्थ:-
ज़ीस्त*जीवन ज़िंदगी
सनम परस्ती*मूर्ति पूजा करना
ख़फ़ा*नाराज़
शकूर अनवर
9460851271






