भारत सिंह चौहान
कोटा/कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा हाल ही में लांच की गई दो महत्वपूर्ण आवासीय योजनाओं — राजनगर आवासीय योजना और प्रताप सिंह बारहट आवासीय योजना — को आमजन से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। प्राधिकरण आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि राजनगर योजना में लॉटरी के माध्यम से 1300 रुपये प्रति वर्गफुट की निश्चित दर पर कुल 28 भूखंड निर्धारित किए गए हैं, जिसके लिए लांचिंग के बाद मात्र एक सप्ताह के भीतर ही 250 आवेदन फॉर्म बिक चुके हैं। इसी प्रकार प्रताप सिंह बारहट योजना में 1010 रुपये प्रति वर्गफुट की दर पर कुल 237 भूखंड रखे गए हैं और इस योजना के लिए अब तक रिकॉर्ड 779 फॉर्म विक्रय हो चुके हैं। इन दोनों ही योजनाओं के लिए मौके के समीप बोर्ड भी लगवाए गए हैं तथा भूखंडों का डिमार्केशन भी तेजी से करवाया जा रहा हैं।
इन आवासीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए इच्छुक आवेदक पंजाब नेशनल बैंक की कोटा स्थित किसी भी शाखा से 500 रुपये का भुगतान कर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं, तथा भरे हुए फॉर्म भी पीएनबी की इन्हीं कोटा शाखाओं में ही जमा किए जाएंगे।
प्राधिकरण सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि दोनों योजनाओं में आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई निर्धारित की गई है। उन्होंने आमजन से विशेष अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना भीड़ से बचने के लिए अपने आवेदन शीघ्र जमा कराएं, ताकि लॉटरी के बाद की आगे की समस्त प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
इन योजनाओं में आमजन की सुविधा के अनुसार 15×30 फुट से लेकर 25×50 फुट तक के विभिन्न आकार के भूखंड शामिल किए गए हैं, जिनकी पंजीयन राशि भूखंड के आकार के अनुसार 40,000 रुपये से लेकर 1,22,000 रुपये तक निर्धारित की गई है।
इन भूखंडों की आवंटन प्रक्रिया पूर्णतः
पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से संपन्न की जाएगी। आयुक्त अग्रवाल ने कहा कि किफायती दरों व उत्कृष्ट लोकेशन को देखते हुए इन योजनाओं के प्रति आम जनता में विशेष उत्साह और भारी रुझान देखने को मिल रहा है।
योजनाओं से संबंधित सहायक / कनिष्ठ अभियंता: सतीश सिंह तौमर (मो. न. +91 94611 92522)





