कोटा में निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविर, 400 मरीजों का हुआ पंजीयन
अशफाक अंसारी की रिपोर्ट✍️
कोटा, 4 अक्टूबर। जिला अंधता निवारण समिति एवं मिल्लत चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रविवार को एमसीटी क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर, विज्ञान नगर, कोटा में निशुल्क नेत्र जांच, उपचार एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 400 मरीजों का पंजीयन किया गया।
ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी हाजी मोहम्मद हयात खान ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर गुप्ता एवं उनकी टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की तथा जरूरतमंद मरीजों को चश्मों के नंबर उपलब्ध कराए। जांच के बाद 10 मरीजों का लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयन किया गया, जिनका ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण निशुल्क किया जाएगा।
मौसमी बीमारियों की भी हुई जांच
ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन सलीम अब्बासी ने बताया कि शिविर में मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए निशुल्क जनरल मेडिकल चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इसमें क्लिनिक के सुपरिंटेंडेंट एवं जनरल सर्जन डॉ. अब्दुल रब, प्रसूति एवं महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. नाजिया परवीन, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अहमद जुबेर, जनरल फिजिशियन डॉ. मकसूद, डॉ. शाहमीना खान, डॉ. अक्सा खान, एमडी मेडिसिन डॉ. आरसी मीणा, डॉ. अकील खान, दंत रोग चिकित्सक डॉ. आशिमा खान एवं फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. फातिमा खान ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में मरीजों को चश्मे, आवश्यक दवाइयां एवं जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। ट्रस्ट के चेयरमैन हाजी खलील अहमद कुरैशी ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।





