महिला आरोपी गिरफ्तार, 2.50 लाख रुपए के सोने के मंगलसूत्र और नथ बरामद
के. डी. अब्बासी
कोटा। शहर के व्यस्त स्वर्ण रजत मार्केट में सोने के आभूषण चोरी की वारदात का कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र और नथ बरामद की है। बरामद आभूषणों की बाजार कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर के व्यस्त बाजारों में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाली महिला शबनम उर्फ पिंकी (50) पत्नी वहीद खान को गिरफ्तार किया है।
चाट खाते समय बैग से पार किया पर्स
मामले के अनुसार 13 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे फरियादी अर्जुन कुमार की सास गंगा बाई और पत्नी टीना स्वर्ण रजत मार्केट में सोने के आभूषण खरीदने आई थीं। खरीदारी के बाद दोनों मार्केट के गेट नंबर 10 के बाहर चाट के ठेले पर चाट खा रही थीं। इसी दौरान गंगा बाई के बैग में रखा छोटा पर्स अज्ञात महिला चोरी कर ले गई। पर्स में 3.2 ग्राम की सोने की नथ, 10.53 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र और टीना का आधार कार्ड रखा हुआ था।
17 नवंबर को फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मुकदमा नंबर 130/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद मिश्रा के निर्देशन, वृताधिकारी तृतीय रुद्रप्रकाश शर्मा के सुपरविजन तथा कोतवाली सीआई देशराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना और तकनीकी संसाधनों की मदद से साक्ष्य जुटाकर महिला आरोपी शबनम उर्फ पिंकी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के दोनों आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले में आरोपी से गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम: सीआई देशराज सिंह, उपनिरीक्षक अशरफ उद्दीन सिद्दीकी, एएसआई अनिता, हेड कांस्टेबल मनीष, रामकेश, कांस्टेबल अंजू, दुलीचंद और गोविंद शामिल रहे।





