कोटा के रेस्टोरेंट में युवकों का हंगामा, बिलिंग मशीन उठाकर काउंटर से पटकी; स्टाफ से मारपीट कर हुए फरार
कोटा। शहर में रेस्टोरेंट में खाना खाने आए चार युवकों ने जमकर हंगामा कर दिया। युवकों ने रेस्टोरेंट के काउंटर पर रखी बिलिंग मशीन उठाकर नीचे पटक दी और स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई।
घटना सोमवार रात करीब 8 बजे नांता थाना क्षेत्र में केशवरायपाटन रोड स्थित राधा रानी रेस्टोरेंट की है। रेस्टोरेंट संचालक राजेंद्र सुमन के अनुसार चार युवक बाइक से रेस्टोरेंट पहुंचे थे। आरोप है कि युवक शराब के नशे में थे। उन्होंने खाना ऑर्डर किया और पास बैठे एक ग्राहक से पानी लाने को कहकर उसके साथ बदसलूकी करने लगे।
युवकों की हरकतों को देखते हुए रेस्टोरेंट स्टाफ ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद स्टाफ ने उनका ऑर्डर कैंसिल कर दिया। इससे नाराज युवक काउंटर पर पहुंचे और मैनेजर के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान उन्होंने काउंटर पर रखी बिलिंग मशीन उठाकर नीचे पटक दी। स्टाफ ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई और बाद में युवकों को रेस्टोरेंट से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलने पर नांता थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चारों युवक फरार हो चुके थे। नांता थाना अधिकारी महावीर प्रसाद मीणा के अनुसार फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








