अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों को पुस्तक ‘कोटा लैंड बैंक’ भेंट
विशेष संवाददाता : भारत सिंह चौहान
कोटा/कोटा को शिक्षा नगरी से आगे निवेश, उद्योग और सुनियोजित नगरीय विस्तार के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में लेखक परमानन्द गोयल की महत्वपूर्ण पुस्तक ‘कोटा लैंड बैंक : विश्लेषण और अवसर’ अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों को सप्रेम भेंट की गई।
यह भेंट 28 नवंबर को समस्त अग्रवाल समाज कोटा एवं कोटा संभाग द्वारा आयोजित होने वाले अन्नकूट अग्रमहाकुंभ महाप्रसादी एवं सम्मान समारोह के स्वागत अध्यक्ष व अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के निवर्तमान प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला चेयरमैन श्री रामगोपाल अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हेमराज जिंदल, निवर्तमान जिला महामंत्री एवं महाराजा अग्रसेन सेवा समिति सुभाषनगर अनंतपुरा के संरक्षक श्री रमेशचन्द्र गोयल एवं अध्यक्ष श्री कैलाश जैन को की गई।
इस अवसर पर लेखक परमानन्द गोयल ने कहा कि कोटा की पहचान अब केवल शिक्षा नगरी तक सीमित नहीं है। यह शहर औद्योगिक विकास, निवेश और नगरीय विस्तार की अपार संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। पुस्तक में कोटा की विकसित योजनाओं में उपलब्ध लैंड बैंक की स्थिति, भूमि के प्रभावी उपयोग, औद्योगिक कॉरिडोर, आधारभूत संरचनाओं के विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं का तथ्यात्मक एवं विश्लेषणात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस पुस्तक का उद्देश्य भूमि संसाधनों की संभावनाओं को सामने लाना और उनके सुनियोजित, पारदर्शी और प्रभावी उपयोग के माध्यम से कोटा के आर्थिक एवं नगरीय विकास को नई दिशा देने के विकल्पों पर विचार करना है। यह पुस्तक नीति निर्माताओं, निवेशकों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री साबित होगी।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हेमराज जिंदल ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक कोटा के विकास की संभावनाओं को समझने और भविष्य की योजनाओं के लिए दिशा देने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इस प्रकार का तथ्यपरक, शोधपरक और दूरदर्शी लेखन शहर के विकास संबंधी विमर्श को सार्थक आधार प्रदान करता है।






