28 नवंबर को नवल सागर पार्क में होगी सांस्कृतिक संध्या, लोकगीतों और भक्ति संगीत से गूंजेगी बूंदी की फिजा
बूंदी, 16 नवंबर। ऐतिहासिक बूंदी महोत्सव इस बार राजस्थानी लोक संस्कृति और संगीत की मधुर प्रस्तुतियों से सराबोर रहेगा। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले बूंदी महोत्सव में देशभर से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
महोत्सव के दूसरे दिन 28 नवंबर को नवल सागर पार्क में आयोजित होने वाली सायंकालीन सांस्कृतिक संध्या में प्रख्यात राजस्थानी लोक गायिका सीमा मिश्रा अपने दल के साथ प्रस्तुति देंगी। प्रशंसकों के बीच मरू कोकिला के नाम से मशहूर सीमा मिश्रा अपनी सुरीली आवाज से राजस्थानी लोकगीतों का जादू बिखेरेंगी।
उनकी प्रस्तुति में घूमर, कुर्जा, मिश्री को बाग लगा दे रसिया, चांद चढ़्यो गिगनार और पारंपरिक विवाह गीतों की मधुर धुनें सुनने को मिलेंगी। राजस्थानी लोक संगीत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली सीमा मिश्रा की प्रस्तुति को लेकर शहरवासियों के साथ पर्यटकों में भी खासा उत्साह है।
हाड़ौती अंचल से है विशेष लगाव
3 नवंबर 1976 को झुंझुनूं जिले के बिसाऊ कस्बे में जन्मीं सीमा मिश्रा का संगीत सफर बचपन में ही शुरू हो गया था। उनका बचपन मुख्य रूप से कोटा और बाद में शेखावाटी क्षेत्र में बीता। स्कूली कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक मंचों से गायकी की शुरुआत करने वाली सीमा मिश्रा का कोटा से बचपन का जुड़ाव होने के कारण हाड़ौती अंचल से विशेष लगाव है।
ऐसे में बूंदी महोत्सव के मंच पर उनकी प्रस्तुति केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि हाड़ौती और राजस्थानी लोक संस्कृति के खूबसूरत जुड़ाव का भी अवसर बनेगी। नवल सागर पार्क में सजने वाली सुरों की यह महफिल बूंदी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहने की उम्मीद है।





