जेडीबी कॉलेज कैंपस में 12 कमरों में होगी मतगणना, दोपहर 12 बजे तक सभी 25 जिला परिषद वार्डों के परिणाम आने की उम्मीद
कोटा, 16 नवंबर। कोटा जिले में पंचायतीराज चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को जेडीबी कॉलेज कैंपस में कराई जाएगी। इस दिन जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के कुल 365 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। मतगणना के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
एडीएम प्रशासन राजेश जोशी ने बताया कि मतगणना कुल 12 कमरों में संपन्न कराई जाएगी। मतदान के बाद ईवीएम को निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। इनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जिला परिषद के 25 वार्डों में 63 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
जिला परिषद के 25 वार्डों में कुल 63 प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाई है। इनके मतों की गणना के लिए 6 कमरे निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक कमरे में 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। मतगणना अधिकतम 13 राउंड में पूरी होगी।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत एक वार्ड की मतगणना पूरी होने के बाद ही दूसरे वार्ड की ईवीएम खोली जाएगी। विभाग को उम्मीद है कि दोपहर 12 बजे तक जिला परिषद के सभी 25 वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। पहले चरण में जिला परिषद के 19 वार्डों और दूसरे चरण में 6 वार्डों में मतदान कराया गया था।
पंचायत समिति के 118 वार्डों में 302 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
जिले की 6 पंचायत समितियों के 118 वार्डों में कुल 302 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए भी 6 कमरे निर्धारित किए गए हैं। इनमें संबंधित पंचायत समितियों के वार्डों के मतों की गिनती होगी। यहां भी एक वार्ड की मतगणना पूरी होने के बाद ही दूसरे वार्ड की ईवीएम खोली जाएगी।
पहले चरण में 4 पंचायत समितियों के 84 वार्डों तथा दूसरे चरण में 2 पंचायत समितियों के 34 वार्डों में मतदान हुआ था।
सामान्य महिला के लिए आरक्षित है जिला प्रमुख का पद
इस बार कोटा जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। जिला परिषद के कुल 25 वार्डों में से कम से कम 13 वार्डों में जीत दर्ज करने वाली पार्टी को बहुमत मिलेगा। बहुमत प्राप्त दल के जिला परिषद सदस्यों में से ही जिला प्रमुख चुना जाएगा। ऐसे में 20 नवंबर को आने वाले चुनाव परिणामों पर सभी राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें टिकी रहेंगी।






