सत्यम् शिवम् सुन्दरम् योजना को जनता का अभूतपूर्व भरोसा,मात्र 10 दिन में 733 भूखंडों के लिए 800 से अधिक आवेदन
कोटा/कोटा विकास प्राधिकरण की बहुप्रतीक्षित कोटा द्वार, शंभूपुरा स्थित सत्यम् शिवम् सुन्दरम् योजना का शुभारंभ 6 नवंबर को किया गया था। शुभारंभ के मात्र 10 दिनों में ही इस योजना को आमजन का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है।
योजना में उपलब्ध कुल 733 भूखंडों के विरुद्ध अब तक 800 से अधिक सफल आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। यह संख्या योजना के प्रति आमजन के बढ़ते विश्वास और प्राधिकरण की पारदर्शी कार्यप्रणाली का स्पष्ट प्रमाण है।
प्राधिकरण के इतिहास में पहली बार इस योजना में केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जा रहे हैं। इसके बावजूद आवेदन सिर्फ कोटा ही नहीं, बल्कि राजस्थान के अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में आ रहे हैं। आमजन योजना की अधिक जानकारी के लिए कोटा विकास प्राधिकरण कार्यालय एवं एचडीएफसी बैंक की निकटतम शाखा में संपर्क कर रहे हैं।
योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर है।
आवेदकों को समय पर विकसित भूखंड उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण द्वारा तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। रोड नेटवर्क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु प्राधिकरण द्वारा 14 अगस्त 2026 को लगभग 18 करोड़ रुपये का कार्यादेश जारी किया जा चुका है।
यह भी स्पष्ट किया जाता है कि इस योजना के संबंध में यह भ्रामक अफवाह फैलाई जा रही है कि सैकड़ों वर्ष पुराने शंभूपुरा गांव में निवास कर रहे परिवारों को बेदखल किया जाएगा, जो पूर्णतः असत्य और निराधार है। प्राधिकरण का ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। इतना अवश्य है कि यदि सड़क मार्ग में कोई आवास आ रहा है, तो उसके संबंध में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
कोटा विकास प्राधिकरण आमजन के इस विश्वास के लिए आभारी है और योजना को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।






