जूते-मास्क खोलने को कहा तो भड़के आरोपी, लकड़ी की स्टूल से किया हमला; दुकानदार ने हिम्मत दिखाकर किया मुकाबला
कोटा, 17 नवंबर। कोटा में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। महावीर नगर थाना क्षेत्र के रंगबाड़ी इलाके में सोमवार शाम दो नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में घुसकर दुकानदार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले दुकानदार के साथ मारपीट की और फिर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद लकड़ी की स्टूल से भी हमला किया। दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। गनीमत रही कि दुकानदार इस हमले में बाल-बाल बच गया।
घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे रंगबाड़ी पुलिस चौकी के सामने स्थित विनायक ज्वेलर्स की है। पीड़ित दुकानदार विनोद सोनी के अनुसार दो युवक दुकान पर पहुंचे थे। दोनों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। दुकान में आते ही उन्होंने चेन दिखाने की मांग की। इस पर दुकानदार ने उनसे जूते और मास्क खोलकर दुकान के अंदर आराम से बैठकर जेवर देखने के लिए कहा।
आरोप है कि दुकानदार की इस बात पर दोनों युवक भड़क गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने दुकानदार के चेहरे पर लात मारी और चाकू से हमला करने की कोशिश की। इसके बाद लकड़ी की स्टूल से हमला किया। दुकानदार ने साहस दिखाते हुए अपना बचाव किया और बदमाशों का मुकाबला किया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की हरकतें कैद होने की बात सामने आई है। पीड़ित दुकानदार ने महावीर नगर थाने में शिकायत दी है।
थाना अधिकारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानदार की ओर से मारपीट की शिकायत दी गई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।






