जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग; कार्रवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
कोटा। कोटा नगर निगम की महापौर अनुसुइया गोस्वामी के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 6 की पार्षद आईना महक ने महापौर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में मंगलवार को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पार्षद आईना महक का आरोप है कि केशवरायपाटन विधानसभा क्षेत्र में चल रहे पंचायती राज चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका दावा है कि 1 नवंबर से महापौर नगर निगम की सायरन लगी सरकारी जीप और निगम के सरकारी गार्डों के साथ चुनाव प्रचार में जा रही हैं। पार्षद ने इसे पद के दुरुपयोग और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया है।
पहले भी सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप
पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले महापौर के भाई के चुनाव के दौरान भी इसी तरह सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किया गया था। उनके अनुसार इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं।
नगर निगम बोर्ड बैठक की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल
आईना महक ने 1 अक्टूबर को आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बैठक में नियमों की अनदेखी की गई और शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को नजरअंदाज किया गया।
निर्वाचन आयोग और प्रशासन से शिकायत, कार्रवाई नहीं होने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
पार्षद के अनुसार इस पूरे मामले की शिकायत पहले निर्वाचन आयोग और नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा को भी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब उन्होंने बूंदी जिला कलेक्टर, राज्य एवं केंद्रीय निर्वाचन आयोग, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भी शिकायत भेजने की बात कही है।
पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी।





