कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की उपस्थिति में बुधवार को कोटा के उम्मेद भवन पैलेस में कोटा मंडल परिक्षेत्र के सांसदों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में सात संसदीय क्षेत्रों से जुड़े यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेलवे अधोसंरचना के विकास, रेल सेवाओं के उन्नयन एवं क्षेत्रीय रेल आवश्यकताओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि बैठक में कोटा मंडल परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 11 लोकसभा एवं एक राज्यसभा सांसद सहित कुल 12 सांसदों को आमंत्रित किया गया था। बैठक में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे। वहीं झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह एवं चित्तौड़गढ़ सांसद चंद्र प्रकाश जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।
बैठक में चंद्र प्रकाश जोशी (चित्तौड़गढ़) के प्रतिनिधि कमलेंद्र सिंह हाड़ा, अनिल फिरोजिया (उज्जैन) के प्रतिनिधि महेंद्र गाड़िया, हेमा मालिनी (मथुरा) के प्रतिनिधि संजय गोविल, रोडमल नागर (राजगढ़) के प्रतिनिधि आदित्य शर्मा, दुष्यंत सिंह (झालावाड़-बारां) के प्रतिनिधि धीरज गुप्ता तथा सुधीर गुप्ता (मंदसौर) के प्रतिनिधि राजदीप भी शामिल हुए।
महाप्रबंधक ने बताईं रेलवे की प्रमुख उपलब्धियां
बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव रेलवे के विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महाप्रबंधक ने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे के मियाना रेलवे स्टेशन को ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (NECA-2025) से सम्मानित किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों में कोटा मंडल का गंगापुर सिटी सहित पश्चिम मध्य रेलवे के छह स्टेशन शामिल थे। इसके साथ ही पश्चिम मध्य रेलवे में अब तक कुल 12 अमृत स्टेशनों का लोकार्पण हो चुका है।
रेल संरक्षा के क्षेत्र में पश्चिम मध्य रेलवे ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मथुरा–कोटा एवं कोटा–नागदा के कुल 549 किलोमीटर रेलखंड पर स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ‘कवच 4.0’ का कार्य पूर्ण किया है। इसके साथ नागदा–मथुरा रेलमार्ग देश का सबसे लंबा कवच 4.0 युक्त रेलखंड बन गया है।
उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अक्टूबर 2026 तक पश्चिम मध्य रेलवे ने लगभग 34 मिलियन टन माल लदान किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत अधिक है। वहीं रामगंजमंडी–भोपाल नई रेल लाइन परियोजना के कुल 276 किलोमीटर में से 222 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसमें वर्ष 2026 में लगभग 18 किलोमीटर लंबे खिलचीपुर–राजगढ़ खंड का निर्माण भी शामिल है।
कोटा मंडल में स्टेशन विकास एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार
बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कोटा मंडल में संचालित विकास परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं की जानकारी दी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत गंगापुर सिटी, बूंदी एवं मांडलगढ़ रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूर्ण कर लोकार्पण किया जा चुका है। वहीं सवाई माधोपुर, बारां, झालावाड़ सिटी, भवानीमंडी, छबड़ा गुगोर, चौमहला, शामगढ़, गरोठ, विक्रमगढ़ आलोट, हिंडौन सिटी, श्री महावीरजी, भरतपुर, बयाना एवं रामगंजमंडी सहित विभिन्न स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। कोटा एवं न्यू कोटा रेलवे स्टेशनों का भी मेजर अपग्रेडेशन किया जा रहा है।
यात्री सुविधाओं के विस्तार के अंतर्गत डॉ. अम्बेडकरनगर–कोटा–नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शुभारंभ, कोटा–चौमहला मेमू सेवा का उज्जैन तक विस्तार तथा बारां एवं भवानीमंडी स्टेशनों पर नई ट्रेनों के ठहराव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त कोटा, गंगापुर सिटी एवं सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशनों पर वाटर रीसाइक्लिंग प्लांट तथा विभिन्न स्टेशनों पर लिफ्ट, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफार्म विस्तार एवं दिव्यांगजन सुविधाओं के विकास कार्य किए गए हैं।
सांसदों के सुझावों पर रेलवे की सकारात्मक कार्रवाई
बैठक में सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत रेल विकास संबंधी सुझावों पर रेलवे प्रशासन ने की गई कार्रवाई एवं परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल के सुझाव पर कोटा से उदयपुर वाया चंदेरिया नई दैनिक मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है, जिसकी स्वीकृति प्रतीक्षित है। इसके अतिरिक्त मांडलगढ़ रेलवे स्टेशन पर खानपान सुविधा प्रारंभ कर दी गई है तथा यात्रियों के लिए आरक्षण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। वहीं उपरमाल स्टेशन पर प्लेटफार्म के विस्तार एवं उन्नयन का कार्य स्वीकृत है।
झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उनके सुझाव पर कोटा–घाटोली मेमू ट्रेन का खिलचीपुर होते हुए राजगढ़ सिटी तक विस्तार करने का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। वहीं आमेठा रेलवे स्टेशन पर कोटा–अकलेरा पैसेंजर की दो जोड़ी ट्रेनों के ठहराव हेतु रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जिसकी स्वीकृति प्रतीक्षित है। इसके अतिरिक्त उज्जैन–झालावाड़ नई रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे पूर्ण कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है।
चित्तौड़गढ़ सांसद चंद्र प्रकाश जोशी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़कर रेल विकास संबंधी सुझाव दिए। उनके सुझाव पर चित्तौड़गढ़–कोटा रेलमार्ग के दोहरीकरण का सर्वे रेलवे बोर्ड द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है तथा कोटा–नीमच नई रेल लाइन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) रेलवे बोर्ड को भेजी गई है।
मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता के सुझाव पर शामगढ़ मालगोदाम का विकास कार्य प्रगति पर है। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया के क्षेत्र से संबंधित उज्जैन–झालावाड़ नई रेल लाइन की DPR रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है।
इसी प्रकार राजगढ़ सांसद रोडमल नागर के क्षेत्र में पचोर के समीप फुट ओवरब्रिज का कार्य प्रगति पर है। टोंक–सवाई माधोपुर सांसद हरीश चंद्र मीना के क्षेत्र में सवाई माधोपुर गुड्स यार्ड रिमॉडलिंग तथा रोड ओवरब्रिज के विभिन्न कार्य स्वीकृत हैं। करौली–धौलपुर सांसद भजन लाल जाटव के क्षेत्र में श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत यात्री सुविधाओं के विकास कार्य किए गए हैं।
महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों के सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन से यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर से वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाशमी, प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव तथा उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल, अपर मंडल रेल प्रबंधक कोटा ललित कुमार धुरंधर एवं योगेश कुमार मित्तल सहित कोटा मंडल के वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल द्वारा किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं रचनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई।





