कोटा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से हमला, बाइक सवार पांच बदमाशों ने घेरकर की मारपीट
कोटा, 18 नवंबर। शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार पांच बदमाशों ने युवक को दुकान के बाहर सड़क पर घेर लिया और मारपीट करते हुए चाकू से वार कर दिया। हमले में घायल युवक को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।
घटना मंगलवार रात प्रेमनगर इलाके की है। जानकारी के अनुसार प्रेमनगर प्रथम निवासी करण नायक (22) अपने घर से दोस्त की दुकान पर गया था। वह दोस्त के साथ ई-मित्र केंद्र पर जाकर अपनी मां की पेंशन की जानकारी चेक करने वाला था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने दुकान के बाहर ही उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल करण को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस ने उसके पर्चा बयान दर्ज किए। एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि सुमित और केशव नाम के युवकों पर मारपीट करने और चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, डीजे की दुकान पर काम करने वाले घायल के दोस्त रोहित ने बताया कि करण पिछले कुछ वर्षों से जयपुर में रहकर इवेंट का काम कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





