Saturday, November 21, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा की जीवनरेखा कोटा बैराज: 66 साल बाद भी कायम है स्वदेशी तकनीक का अद्भुत उदाहरण

कोटा की जीवनरेखा कोटा बैराज: 66 साल बाद भी कायम है स्वदेशी तकनीक का अद्भुत उदाहरण

20 नवंबर 1960 को प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने किया था उद्घाटन, 19 विशाल गेट और 855 फीट जलभराव क्षमता वाला बैराज आज भी कोटा की जल व्यवस्था और सिंचाई का प्रमुख आधार

कोटा। शहर के विकास की जीवनरेखा कहा जाने वाला कोटा बैराज आज भी अपनी मजबूत संरचना और स्वदेशी तकनीक के दम पर चंबल नदी के जल प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 1958 में इसका निर्माण शुरू हुआ था और महज डेढ़ साल में इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। 20 नवंबर 1960 को तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू ने इसका उद्घाटन किया था। उद्घाटन के अवसर पर नेहरू चंबल रेस्ट हाउस से बोट में सवार होकर बैराज तक पहुंचे थे।

कोटा बैराज की तकनीकी डिजाइन दिल्ली स्थित सेंट्रल वाटर एंड पावर कमीशन में तैयार की गई थी। 19 विशाल गेट वाले इस बैराज की जलभराव क्षमता 855 फीट है। इसकी लंबाई करीब 1810 फीट, ऊंचाई 122.50 फीट तथा प्रत्येक गेट का आकार 40×42 फीट बताया जाता है। इसके निर्माण पर उस समय करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च हुए थे।

फ्रेंच विशेषज्ञों की सलाह पर अपनाई गई थी विशेष तकनीक

कोटा बैराज के निर्माण की सबसे खास बात इसकी तकनीकी इंजीनियरिंग रही। यह देश के शुरुआती बांधों में शामिल रहा, जहां चंबल नदी की तलहटी में पानी के रिसाव को रोकने के लिए फ्रेंच विशेषज्ञों की सलाह पर क्ले ग्राउटिंग तकनीक का सफल प्रयोग किया गया।

निर्माण के दौरान बैराज के भीतर पानी का रिसाव रोकने के लिए शीट पाइल लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन नीचे बड़े-बड़े पत्थर होने के कारण शीट पाइल मुड़ गई और रिसाव रोकने में सफलता नहीं मिली। इसके बाद विशेषज्ञों ने ड्रिलिंग कर छेदों में विशेष क्ले भरने की तकनीक अपनाई, जिससे पानी का रिसाव रोकने में सफलता मिली। इसके बाद मिट्टी का बांध तैयार कर कंक्रीट के स्पिलवे और मजबूत स्टील गेट लगाए गए।

66 साल बाद भी जल संग्रहण की क्षमता

स्वदेशी तकनीक से निर्मित कोटा बैराज छह दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी अपनी उपयोगिता बनाए हुए है। इसकी संरचना और तकनीकी डिजाइन को लेकर विशेषज्ञों के अनुसार इसे 100 वर्षों तक सुरक्षित उपयोग के उद्देश्य से तैयार किया गया था। यह बांध करीब 28 किलोमीटर दूर स्थित जमाल सागर क्षेत्र तक जल संग्रहण की क्षमता रखता है।

चंबल घाटी परियोजना की अहम कड़ी

चंबल घाटी परियोजना के तहत सबसे पहले गांधी सागर बांध का निर्माण हुआ। इसके बाद राणा प्रताप सागर बांध, जवाहर सागर बांध और अंत में कोटा बैराज बनाया गया। गांधी सागर बांध और कोटा बैराज दोनों नवंबर 1960 में तैयार हुए थे।

कोटा बैराज से छोड़े जाने वाले पानी से राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सिंचाई होती है। वहीं कोटा शहर की पेयजल व्यवस्था में भी इसकी अहम भूमिका है। शहर के आवासीय क्षेत्रों में चंबल के पानी से 24 घंटे जलापूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने में बैराज महत्वपूर्ण आधार है।

1986 की बाढ़ में खोले गए थे सभी 19 गेट

14 अगस्त 1986 को कोटा में आई भीषण बाढ़ के दौरान बैराज के सभी 19 गेट खोलकर चंबल नदी में पानी छोड़ा गया था। यह घटना बैराज की बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी व्यवस्था की महत्वपूर्ण क्षमता को दर्शाती है।

आज 66 वर्षों बाद भी कोटा बैराज केवल एक बांध नहीं, बल्कि कोटा की पहचान, विकास, पेयजल आपूर्ति, सिंचाई और चंबल घाटी परियोजना का महत्वपूर्ण आधार बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles