कोटा के बोरखेड़ा में 35 वर्षीय महिला की मौत, घर के कमरे में फंदे पर मिला शव
देर रात की घटना से क्षेत्र में मचा हड़कंप, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपा शव
कोटा। शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला अपने घर के कमरे में फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कविता चौबदार निवासी समृद्धि नगर विस्तार, बोरखेड़ा के रूप में हुई है। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। बोरखेड़ा थाने के एएसआई अब्दुल हफीज ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला के पति मुकेश घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा तो कविता फंदे पर लटकी हुई मिली।
मृतका के पति मुकेश राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल हैं और वर्तमान में ग्रामीण पुलिस लाइन में तैनात हैं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश की पहली शादी से दो बच्चे हैं और उन्होंने करीब दो वर्ष पहले कविता से दूसरी शादी की थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। आवश्यक चिकित्सा एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।






