Saturday, November 21, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली 100 किलो वजनी पुरानी तिजोरी, होलकर राजघराने

 इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली 100 किलो वजनी पुरानी तिजोरी, होलकर राजघराने से जुड़ाव की जांच

इंदौर। मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस परिसर में सड़क निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दौरान करीब 100 किलो वजनी एक पुरानी तिजोरी मिलने से चर्चाएं तेज हो गई हैं। जमीन के भीतर मिली इस तिजोरी को लेकर अब उसके इतिहास, मालिकाना हक और संभावित राजघराने से संबंधों की पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को जमीन में दबी यह तिजोरी दिखाई दी। इसके बाद इसे खुदाई स्थल से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। तिजोरी की हालत काफी पुरानी बताई जा रही है। लंबे समय तक मिट्टी में दबे रहने के कारण इसके कई हिस्सों पर जंग लग गई है।

तिजोरी पर दो पक्षों ने जताया दावा

तिजोरी मिलने के बाद लालबाग परिसर में रहने वाली वंदना सोनी ने इस पर अपना अधिकार जताया है। उनका कहना है कि यह तिजोरी 50 साल से भी अधिक पुरानी है और पहले उनके परिवार के पैतृक निवास गुना में रखी हुई थी। बाद में परिवार के इंदौर आने पर इसे भी साथ लाया गया था। हालांकि, इस दावे के समर्थन में अभी तक अधिकारियों के समक्ष दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।

वहीं, खासगी ट्रस्ट ने भी तिजोरी पर अपना दावा जताते हुए पुरातत्व विभाग को पत्र लिखा है। ट्रस्ट ने मांग की है कि तिजोरी को उसके पदाधिकारियों की मौजूदगी में खोला जाए, ताकि उसके भीतर मौजूद संभावित दस्तावेजों और राजपरिवार से जुड़ी सामग्री की जानकारी मिल सके।

विशेषज्ञ करेंगे तिजोरी की सफाई, फिर खुलेगा राज

अधिकारियों की ओर से तिजोरी की स्थिति का आकलन करने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। पहले इसकी केमिकल से सफाई कराई जाएगी, जिससे जंग और मिट्टी हटने के बाद उस पर मौजूद पुराने चिह्नों एवं निशानों का अध्ययन किया जा सके। इनसे तिजोरी की उम्र और इतिहास के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि तिजोरी खोलने के लिए नई चाबी तैयार कराई जाएगी। निर्धारित नियमों के तहत दावेदारों की मौजूदगी में इसे खोलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।

क्या होलकर राजघराने से जुड़ा है इतिहास?

लालबाग पैलेस का संबंध इंदौर के ऐतिहासिक होलकर राजघराने से रहा है। ऐसे में तिजोरी मिलने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि कहीं इसका संबंध राजघराने के पुराने दौर से तो नहीं है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तिजोरी खुलने और विशेषज्ञों की जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि इसके भीतर क्या है और इसका वास्तविक इतिहास क्या रहा है।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles