Saturday, November 21, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात, अगस्त 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

कोटा को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात, अगस्त 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने साझा किया प्रस्तावित स्टेडियम का भव्य डिजाइन, 130 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होगा आधुनिक खेल परिसर

कोटा। हाड़ौती के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कोटा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का सपना अब साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रस्तावित स्टेडियम का भव्य डिजाइन सोशल मीडिया पर साझा किया है। जेके पवेलियन को करीब 130 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

परियोजना के तहत नवंबर माह में निर्माण कार्य का कार्यादेश बीसीसी डेवलपर एंड प्रमोटर फर्म को जारी किया जा चुका है और निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कोटा विकास प्राधिकरण के सचिव मुकेश चौधरी के अनुसार स्टेडियम का निर्माण अगस्त 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अधिशासी अभियंता सुमित चित्तौड़ा ने बताया कि प्रस्तावित स्टेडियम में करीब 10 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रिकेट पिच, बड़ी बाउंड्री, अभ्यास पिच, साउथ और नॉर्थ पवेलियन, कमेंटेटर बॉक्स तथा आधुनिक प्रसारण सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

स्टेडियम में डे-नाइट मुकाबलों के आयोजन के लिए फ्लड लाइट्स लगाई जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिम, एरोबिक्स सेंटर, लिफ्ट और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

क्रिकेट स्टेडियम के साथ बनेगा आधुनिक स्विमिंग पूल

इस परियोजना की खास बात यह है कि खेल परिसर में 50×25 मीटर का ओलंपिक स्तर का कवर्ड ऑल वेदर स्विमिंग पूल भी बनाया जाएगा। इसके साथ 300 से 400 दर्शकों की क्षमता वाली दर्शक दीर्घा और बच्चों व तैराकी अभ्यास के लिए अलग पूल तैयार किए जाएंगे।

हाड़ौती को मिलेगी खेल जगत में नई पहचान

स्टेडियम का निर्माण पूरा होने के बाद कोटा में रणजी ट्रॉफी और आईपीएल जैसे बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल प्रेमियों को अपने शहर में बड़े मुकाबले देखने का अवसर मिल सकेगा।

यह परियोजना पूरी होने पर कोटा के खेल बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने के साथ हाड़ौती की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में पहचान को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles