Saturday, November 21, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर नष्ट

गुमानपुरा में मोटरसाइकिल पर नीले ड्रम में ले जाया जा रहा था पनीर, एक दर्जन से अधिक दुकानों का किया निरीक्षण

कोटा, 20 नवंबर। शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुमानपुरा क्षेत्र में करीब 100 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर नष्ट करवाया। पनीर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर नीले ड्रम में भरकर बिक्री के लिए ले जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को रुकवाया और पनीर का नमूना लेने के बाद पूरी खेप नष्ट करवा दी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई। प्रारंभिक पूछताछ में पनीर के मालिक ने उसमें फैट की मात्रा कम होने की बात स्वीकार की। टीम को पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

नारायण स्वीट्स से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने गुमानपुरा स्थित नारायण स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। यहां से बीकाजी ब्रांड के चार नमूनों सहित राजभोग मिठाई, कुछ-कुछ नमकीन, सोनपापड़ी और गुलाब जामुन के एक-एक नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला कोटा भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दुकानों पर मिली साफ-सफाई और लाइसेंस की कमी

खाद्य सुरक्षा टीम ने गुमानपुरा क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ दुकानों पर हाइजीन एवं सैनिटेशन की स्थिति बेहद खराब मिली। कई प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं था। वहीं, फूड हैंडलर्स हेयर कैप पहने हुए नहीं मिले। कुछ प्रतिष्ठानों पर मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए।

टीम ने दुकानदारों को शादी-विवाह और त्योहारी सीजन को देखते हुए साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मावा-पनीर की आपूर्ति पर विशेष निगरानी

सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर ने बताया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ने के कारण बाहर से आने वाले मावा और पनीर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। दूध, मावा, मिठाई, तेल, मसाले सहित अन्य खाद्य सामग्री की जांच और सैंपलिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दूसरे राज्यों से बसों और ट्रेनों के माध्यम से आने वाली खाद्य सामग्री पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

यह कार्रवाई प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ तथा आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन में अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया और सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर के पर्यवेक्षण में की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, मोजीलाल कुंभकार सहित दीपक यादव, खुशी सिंह, दिव्या संत और रोहित गुप्ता शामिल रहे।

सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावट के खिलाफ जांच, सैंपलिंग और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles