फ्रेंड्स महिला क्लब ने वीरांगना लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर अर्पित की भावांजलि
-भारत सिंह चौहान
कोटा/बांरा/ वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों और साहस को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज भी कई महिलाएं कुछ कार्यों को केवल पुरुषों का क्षेत्र मानती हैं, जबकि झांसी की रानी हर महिला के लिए साहस, आत्मविश्वास और कुशल नेतृत्व का अद्वितीय उदाहरण हैं। उन्होंने अपनी पीठ पर पुत्र को बांधकर अंग्रेजों के दांत खट्टे किए और मातृभूमि की रक्षा के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
यह विचार मुख्य वक्ता सपना गोयल ने गुरुवार को महिला फ्रेंड्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित वीरांगना लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस कार्यक्रम में व्यक्त किए। इस अवसर पर क्लब की कार्यकारिणी सदस्यों सहित सभी उपस्थित महिलाओं ने झांसी की रानी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
’मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी’ का उद्घोष आज भी प्रेरणादायी
सपना गोयल ने रानी लक्ष्मीबाई के प्रेरक व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्त्री कभी अबला नहीं, बल्कि सबला है और लक्ष्मीबाई इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने परिवार के साथ-साथ समाज और देशहित के लिए अनुकरणीय कार्य किया।
उनका जीवन जोश, जज्बे और प्रखर राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण था। वे बचपन से ही घुड़सवारी और तलवारबाजी में निपुण थीं। जब अंग्रेजों ने उनके दत्तक पुत्र दामोदर राव को उत्तराधिकारी मानने से इंकार कर झांसी को ब्रिटिश साम्राज्य में मिलाने की घोषणा की, तब रानी ने दृढ़ता से उद्घोष किया था— ‘मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी।’ इसके बाद उन्होंने जो इतिहास रचा, वह सदियों तक याद रखा जाएगा।
कुशल संगठक और दयालु व्यक्तित्व की धनी थीं रानी
मुख्य वक्ता ने आगे कहा कि रानी लक्ष्मीबाई केवल एक पराक्रमी योद्धा ही नहीं थीं, बल्कि वे एक बेहद कुशल संगठक और दयालु हृदय की स्वामिनी भी थीं। उन्होंने अपनी सेना में महिलाओं को जोड़कर उन्हें भी युद्ध कला में पारंगत किया था। उनका संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित रहा, जो आज की आधुनिक नारी के लिए भी एक मार्गदर्शक और महान प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में क्लब की सभी सदस्यों ने देश की अखंडता और नारी सशक्तीकरण के संकल्प को दोहराया। इस दौरान क्लब की कई गणमान्य महिलाएं और पदाधिकारी मौजूद रहीं।















