आयुष्मान कार्ड नहीं होने पर भी मिलेगा निःशुल्क इलाज
– भारत सिंह चौहान
कोटा। झालावाड़ रोड स्थित जगपुरा क्षेत्र के सुधा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में सोमवार से एक विशाल “महा-राहत शिविर” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आम जनता को पूरी तरह निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह शिविर 14 जून से 30 जून तक संचालित होगा।
हाड़ौती स्वास्थ्य सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अफरोज खान ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य आम और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सोमवार से शुरू हो रहे इस महा-राहत शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
खान ने बताया कि शिविर के दौरान सभी प्रकार के ऑपरेशन और इलाज पूरी तरह निःशुल्क किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनका भी इलाज पूरी तरह मुफ्त किया जाएगा। साथ ही आयुष्मान योजना के अंतर्गत आने वाले मरीजों का संपूर्ण उपचार भी निःशुल्क रहेगा।
शिविर में मरीजों को डॉक्टरों द्वारा परामर्श, अस्पताल से ही दवाइयां, सभी प्रकार की पैथोलॉजी एवं रेडियोलॉजी जांचें तथा हर तरह के ऑपरेशन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेगी। प्रबंधन का कहना है कि इस शिविर के माध्यम से क्षेत्र के उन गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी, जो आर्थिक कारणों से इलाज कराने में असमर्थ रहते हैं।






