Friday, June 5, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

शिक्षा सहकारी एवं स्काउट गाइड के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित विभिन्न 5 कार्यक्रमों में वक्ताओं ने किया आह्वान 

जल एवं पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता:

भारत सिंह चौहान

कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के विभिन्न स्थानों पर जनजागरण, पौधारोपण, प्रतियोगिताओं एवं संगोष्ठियों सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा में आयोजित कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा जल एवं पर्यावरण जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सहायक जिला कमिश्नर गाइड श्रीमती नीलम त्रिपाठी थीं। परिवार प्रबोधन के चित्तौड़ प्रांत संयोजक रामविलास रैगर ने मुख्य वक्ता के रूप में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। सपना अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहीं। शिक्षाविद् गिरिराज जोशी ने स्वागत भाषण दिया तथा हरिप्रसाद बुलीवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से तुलसी का पौधा भी रोपा गया।

अनंतपुरा अकादमी में आयोजित संगोष्ठी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी हेमराज पांचाल मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकाश जायसवाल ने की। राष्ट्रपति अवार्डी एवं समाजसेवी ललित सोनी तथा शिक्षाविद् असलम खान विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन मायझा ने किया तथा प्रधानाचार्या ने आभार व्यक्त किया।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी सभा के मंत्री जमनालाल गुर्जर मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय संचालक कमलकुमार शर्मा ने की जबकि अनुराधा शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं। इस अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोझड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर निबंध, मेहंदी एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक राज्य संगठन आयुक्त दिलीप माथुर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीओ स्काउट सुंदर मीणा ने की तथा स्काउटिंग यूथ फोरम के जिला अध्यक्ष मनराज गुर्जर विशिष्ट अतिथि रहे। इस अवसर पर कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर के संचालक मुकेश जांगिड़, सह-संचालक प्रदीप गौतम एवं ज्योति राजौरा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सायंकाल आंवली गांव के वन क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी मुख्य अतिथि जानकी देवी बजाज कला कन्या महाविद्यालय की पूर्व छात्रा संघ अध्यक्ष प्रेरणा जायसवाल थी अध्यक्षता प्रकाश जायसवाल ने की , डायरेक्टर दिनेश कुमार मीण विशिष्ट अतिथि थे । इस अवसर पर यूनिट लीडर अंतिमा मेहरा, योगिता महावर, जितेंद्र पंचोली, मांगी लाल गुर्जर , कार्तिक जायसवाल, मयंक नागर सहित वन विभाग, शिक्षा सहकारी सभा एवं स्काउट-गाइड परिवार के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने 51 पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, नयागांव, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम, सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी तथा लाल बहादुर शास्त्री ओपन स्काउट ट्रूप के स्काउट, गाइड एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम संयोजक योगिता महावर ने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जनजागरण, पौधारोपण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण संबंधी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles