Saturday, October 3, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

रविकांत मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा: पत्नी निकली हत्या की साजिशकर्ता, प्रेमी शाहरुख ने दिया वारदात को अंजाम”

धौलपुर। जिले के बहुचर्चित रविकांत हत्याकांड का खुलासा बुधवार को कोतवाली थाना पुलिस ने कर दिया। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि इस निर्मम हत्या की साजिश खुद मृतक की पत्नी रजनी ने अपने प्रेमी शाहरुख के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पत्नी रजनी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

सीओ कृष्ण कुमार जांगिड़ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सैपऊ थाना क्षेत्र के दौनारी गांव निवासी 35 वर्षीय रविकांत पुत्र सोबरन सिंह 27 दिसंबर 2025 को घर से अचानक लापता हो गया था। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने 28 दिसंबर को स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद 29 दिसंबर को रविकांत का शव धौलपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरगढ़ किले के जंगलों में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया गया और एफएसएल टीम को बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पत्नी ने रची हत्या की साजिश

पु­लिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी रजनी के शाहरुख नामक युवक से अवैध प्रेम संबंध थे। शाहरुख ऑटो चालक है। करीब एक साल पहले रजनी ऑटो में सफर के दौरान शाहरुख के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मोबाइल नंबरों के आदान-प्रदान के बाद शाहरुख का रविकांत के घर आना-जाना शुरू हो गया। हैरानी की बात यह रही कि रजनी ने अपने पति रविकांत से अपने प्रेमी शाहरुख की पहचान भी करवा दी थी।

पुलिस के अनुसार रविकांत हैदराबाद में मजदूरी करता था और लंबे समय तक बाहर रहने के कारण रजनी अकेली रहती थी। इसी दौरान उसके और शाहरुख के संबंध और गहरे होते चले गए।

शराब पिलाकर की गई हत्या

रविकांत को रास्ते से हटाने के लिए रजनी और शाहरुख ने मिलकर खौफनाक योजना बनाई। योजना के तहत रजनी ने परिचित की बाइक बुलवाई और शाहरुख के साथ रविकांत को बाजार में खरीदारी के बहाने भेज दिया। रास्ते में शाहरुख ने रविकांत को शराब पिलाई और उसे शेरगढ़ किले के पास ले गया। वहां पत्थरों से पीट-पीटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को किले से करीब 50 फीट नीचे खाई में फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा या गुमशुदगी लगे।

पत्नी की कहानी से खुला राज

रविकांत के लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। 29 दिसंबर को पत्नी रजनी ने परिजनों को बताया कि उसे सपना आया है, जिसमें रविकांत शेरगढ़ किले के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा है और मदद की गुहार लगा रहा है। पत्नी की इस अजीबोगरीब बात से परिजनों को शक हुआ और वे रजनी को साथ लेकर शेरगढ़ किले पहुंचे। वहां उन्हें वही दृश्य देखने को मिला, जैसा रजनी ने बताया था—रविकांत का शव खून से सना हुआ पड़ा था।

पुलिस को पूछताछ के दौरान रजनी की भूमिका संदिग्ध लगी। कड़ी पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरा घटनाक्रम सामने आ गया। आरोपी शाहरुख ने भी हत्या की बात कबूल कर ली।

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी शाहरुख को न्यायालय में पेश किया जाएगा, वहीं पत्नी रजनी की भूमिका को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles