कोटा में यातायात व्यवस्था को मिलेगा नया स्वरूप, KDA की पहल पर राज्य सरकार ने किया ‘कोटा ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड’ का गठन
कोटा शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की पहल एवं अनुरोध पर राज्य सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन विभाग द्वारा कोटा विकास प्राधिकरण अधिनियम, 2023 की धारा 13 के अंतर्गत कोटा ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड (Kota Traffic Control Board) का गठन किया गया है। राज्य सरकार द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार बोर्ड की अध्यक्षता कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त करेंगे।
बोर्ड को यातायात नियंत्रण एवं यातायात शिक्षा के लिए नागरिकों तथा प्रतिष्ठित संस्थाओं का सहयोग प्राप्त करने, उनसे सुझाव लेने एवं नियमानुसार निधि जुटाने का प्रावधान भी अधिनियम में किया गया है। यातायात शिक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बोर्ड में जिला मजिस्ट्रेट, कोटा; पुलिस अधीक्षक, कोटा सिटी एवं कोटा ग्रामीण; सचिव, KDA; प्रादेशिक परिवहन अधिकारी; राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के मुख्य प्रबंधक (संचालन); सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता; जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रतिनिधि तथा KDA के निदेशक अभियांत्रिकी, निदेशक नगर आयोजना एवं निदेशक वित्त सदस्य होंगे। इसके अतिरिक्त महापौर/प्रशासक, नगर निगम कोटा एवं अध्यक्ष/प्रशासक, नगर पालिका केशवरायपाटन को भी शामिल किया गया है। प्राधिकरण के अध्यक्ष द्वारा दो अन्य व्यक्तियों को भी नामित किया जाएगा।
कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि कोटा में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार एवं यातायात की आवश्यकताओं को देखते हुए एक समग्र एवं दीर्घकालीन यातायात योजना की आवश्यकता है। बोर्ड के गठन से यातायात से जुड़े सभी विभाग एक साझा मंच पर आ सकेंगे। इससे ट्रैफिक मास्टर प्लान, आधुनिक यातायात सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
KDA सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि बोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। सड़क निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के दौरान यातायात संबंधी आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जा सकेगा। पार्किंग, सड़क खुदाई, यातायात संकेतकों एवं अन्य संबंधित विषयों पर समन्वित कार्यवाही को गति मिलेगी।
कोटा ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड का गठन शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यातायात प्रबंधन को तात्कालिक समस्याओं के समाधान तक सीमित न रखते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने तथा नागरिकों को बेहतर शहरी परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।






