मोदी के सांस्कृतिक कूटनीति के रंगों से विश्व पटल पर दमका राजस्थान, राजस्थानी कला को मिला वैश्विक सम्मान
विशेष संपादकीय | विरासत का गौरव, संस्कृति का सम्मान और भारत की वैश्विक पहचान
✍️ डॉ. नयन प्रकाश गांधी पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट, युवा मैनेजमेंट विश्लेषक एवं मीडिया स्तंभकार
भारत की सांस्कृतिक विरासत केवल इतिहास के पन्नों में दर्ज धरोहर नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, परंपराओं, जीवन मूल्यों और आत्मसम्मान की जीवंत अभिव्यक्ति है। जब किसी देश की कला उसकी सीमाओं को पार कर विश्व के प्रतिष्ठित मंचों तक पहुंचती है, तो वह केवल उस देश की पहचान नहीं बनती, बल्कि उसकी सांस्कृतिक शक्ति और वैश्विक प्रतिष्ठा का भी परिचय देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली में भारतीय संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और स्थानीय शिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने का ऐसा ही एक निरंतर प्रयास दिखाई देता है। मनीला में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की विशिष्ट कलाकृतियां भेंट करना इसी सांस्कृतिक दृष्टि का उल्लेखनीय उदाहरण है।प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नाथद्वारा की जीआई टैग प्राप्त स्वर्णिम पिछवाई चित्रकला और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को जयपुर की जीआई टैग प्राप्त ब्लू पॉटरी भेंट करना सामान्य राजनयिक औपचारिकता से कहीं बढ़कर है। यह भारत की उस सांस्कृतिक कूटनीति का परिचायक है, जिसमें उपहार के माध्यम से देश की हजारों वर्षों पुरानी कलात्मक परंपरा, शिल्पकारों की प्रतिभा और क्षेत्रीय विरासत का परिचय दुनिया के सामने रखा जाता है।
राजस्थान के लिए यह क्षण विशेष गौरव का है। यहां की मिट्टी में इतिहास बोलता है, लोकगीतों में संस्कृति सांस लेती है और हस्तशिल्प में पीढ़ियों का अनुभव तथा सृजनशीलता दिखाई देती है। नाथद्वारा की पिछवाई चित्रकला भगवान श्रीनाथजी की भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक सौंदर्य की अद्भुत अभिव्यक्ति है। स्वर्णिम रंगों, सूक्ष्म रेखांकन और पारंपरिक चित्रांकन शैली से सजी पिछवाई केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि मेवाड़ की धार्मिक चेतना और कलात्मक साधना का जीवंत दस्तावेज है।इसी तरह जयपुर की ब्लू पॉटरी राजस्थान की शिल्प परंपरा का ऐसा अनूठा अध्याय है, जिसने अपनी खूबसूरती और विशिष्ट तकनीक से अंतरराष्ट्रीय कला जगत में अलग पहचान बनाई है। नीले और फिरोजी रंगों की मनमोहक छटा, बारीक डिजाइन और पारंपरिक शिल्प कौशल इसे विशिष्ट बनाते हैं। इन दोनों कलाओं को अंतरराष्ट्रीय नेताओं तक पहुंचाना वस्तुतः उन कलाकारों, कारीगरों और परिवारों के परिश्रम को सम्मान देना है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी पुश्तैनी कला को जीवित रखा है।
मोदी की दृष्टि में विरासत केवल अतीत नहीं, भविष्य की सांस्कृतिक पूंजी है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेषता यह है कि वे भारत की सांस्कृतिक पहचान को केवल भाषणों और आयोजनों तक सीमित नहीं रखते, बल्कि अपने व्यवहार, संवाद और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किए गए कार्यों के माध्यम से उसे अभिव्यक्ति देते हैं। कभी योग को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास, कभी भारतीय त्योहारों और परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाना, कभी स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को प्रोत्साहित करना और कभी विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को भारत की क्षेत्रीय विरासत से जुड़े उपहार देना, इन प्रयासों में एक व्यापक सांस्कृतिक सोच दिखाई देती है।’वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की अवधारणा का वास्तविक अर्थ भी यही है कि भारत की पहचान केवल बड़े उद्योगों और आधुनिक तकनीक से नहीं, बल्कि गांवों, कस्बों, लोककलाओं और परंपरागत कारीगरों की प्रतिभा से भी बने। जब राजस्थान की कोई पारंपरिक कलाकृति विश्व के शक्तिशाली राष्ट्रों के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचती है, तो उसके साथ उस कला के कलाकारों के सपने, उनकी आजीविका और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी जुड़ जाता है।राजस्थान की कला को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का यह अवसर प्रदेश के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है। इससे पारंपरिक शिल्पों के प्रति अंतरराष्ट्रीय रुचि बढ़ने, हस्तशिल्प निर्यात को प्रोत्साहन मिलने, पर्यटन को नई पहचान मिलने और स्थानीय कलाकारों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं। हालांकि, इस गौरवपूर्ण पहचान को स्थायी आर्थिक मजबूती में बदलने के लिए आवश्यक है कि शिल्पकारों को उचित पारिश्रमिक, आधुनिक विपणन सुविधाएं, डिजाइन प्रशिक्षण, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सीधी पहुंच मिले।
सरकारों और संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि जीआई टैग प्राप्त कलाओं की मौलिकता सुरक्षित रहे, उनकी नकल और व्यावसायिक शोषण पर प्रभावी नियंत्रण हो तथा नई पीढ़ी इन पारंपरिक विधाओं को सीखने के लिए प्रेरित हो। सांस्कृतिक विरासत तभी जीवित रहती है, जब उसे सम्मान के साथ-साथ संरक्षण और आजीविका का आधार भी मिले।आज जब पूरी दुनिया अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए प्रयासरत है, तब भारत का अपनी विविधतापूर्ण विरासत को आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना महत्वपूर्ण है। भारत की शक्ति उसकी भाषाओं, लोकपरंपराओं, आध्यात्मिक चेतना, शिल्पकला और सांस्कृतिक विविधता में निहित है। राजस्थान इस विविधता का ऐसा चमकदार अध्याय है, जिसकी रंगीन संस्कृति, शौर्यगाथाएं, स्थापत्य कला, लोकसंगीत और हस्तशिल्प सदियों से दुनिया को आकर्षित करते रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान की इन दो विशिष्ट कलाओं को अंतरराष्ट्रीय नेताओं के समक्ष प्रस्तुत करना प्रदेश के लिए केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक संपदा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी है। यह राजस्थान के उन अनाम कलाकारों के प्रति सम्मान का भाव है, जिनकी उंगलियों में कला का हुनर और हृदय में अपनी परंपरा को बचाए रखने का संकल्प है।राजस्थान की पहचान केवल उसके किलों, महलों और मरुस्थल तक सीमित नहीं है। उसकी असली चमक उन हाथों में भी है, जो मिट्टी, रंग, कपड़े और कल्पना को मिलाकर ऐसी कलाकृतियां रचते हैं, जिनमें भारत की आत्मा दिखाई देती है।
निस्संदेह, प्रधानमंत्री मोदी की इस सांस्कृतिक पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भारत जब विश्व से संवाद करता है, तो केवल अपनी आर्थिक और सामरिक शक्ति के साथ नहीं, बल्कि अपनी हजारों वर्षों की सभ्यता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ भी खड़ा होता है।
राजस्थान की पिछवाई और जयपुर की ब्लू पॉटरी के माध्यम से विश्व पटल पर दमकता भारत और अधिक गौरवान्वित हुआ है। यह उस राजस्थान का सम्मान है, जिसकी मिट्टी में परंपरा है, कला में आत्मा है और संस्कृति में विश्व को जोड़ने की अद्भुत शक्ति है।सचमुच, जब प्रधानमंत्री की कूटनीति में संस्कृति के रंग घुलते हैं, तो राजस्थान की विरासत केवल उपहार नहीं रहती, वह भारत के गौरव का वैश्विक हस्ताक्षर बन जाती है।






