कोटा/कोटा के किशोरपुरा थाना क्षेत्र स्थित हनुमान द्वार के सामने कथित तौर पर खुलेआम जुआ-सट्टे का कारोबार संचालित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय सामाजिक समितियों और हिंदू संगठनों ने इसको लेकर विरोध जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि मोईन नाम का व्यक्ति खुलेआम सट्टा संचालित करवा रहा है, जिससे यहां आने-जाने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि इस मामले में किशोरपुरा थानाधिकारी को करीब 10 बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हैरानी की बात यह है कि लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय से कुछ ही दूरी पर यह अवैध कारोबार संचालित होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
मामले को लेकर आज हेमंत मिश्रा के नेतृत्व में हिंदू संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल कोटा रेंज आईजी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले से आईजी को अवगत करवाते हुए कार्रवाई की मांग की। आईजी ने आश्वासन दिया कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया गया तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले तीन दिनों में कथित जुआ-सट्टे का कारोबार बंद नहीं हुआ तो किशोरपुरा थाने का घेराव किया जाएगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। संगठनों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बना रहता है। ऐसे में भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?






