कोटा/कोटा में पुरानी रंजिश के चलते 20 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात घंटाघर के पास की बताई जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक अपनी जान बचाने के लिए भागता हुआ एक दुकान में घुसता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान आरोपी दुकान में पहुंचकर युवक पर चाकू से हमला करता नजर आ रहा है।
घायल युवक की पहचान मोहम्मद नायाब पुत्र अब्दुल अली, निवासी वक्फ नगर, चंबल गार्डन के पास के रूप में हुई है। नायाब किताब की दुकान पर काम करता है। आरोप है कि रेहान उर्फ चुनिया ने उस पर चाकू से 4 से 5 वार किए।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब 10 महीने पुरानी रंजिश चल रही थी। घटना के बाद मामले की रिपोर्ट मकबरा थाने में दर्ज करवाई गई है।
फिलहाल मकबरा थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।






