KDA आयुक्त ने मुंबई में उद्योगपति आनंद महिंद्रा से की मुलाकात, महिंद्रा समूह को कोटा में निवेश का दिया आमंत्रण; औद्योगिक विकास, पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की अपार संभावनाओं से कराया अवगत, महिंद्रा ने कोटा में निवेश की संभावनाओं पर आगे बढ़ने में दिखाई रुचि
कोटा में औद्योगिक निवेश लाने की कवायद अब देश की आर्थिक राजधानी तक पहुंच गई है। कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने बुधवार, दिनांक 18 नवम्बर को मुंबई में महिंद्रा समूह के चेयरमैन और देश के जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा से मुलाकात कर उन्हें कोटा में निवेश के लिए आमंत्रित किया। कोलाबा स्थित महिंद्रा समूह के गेटवे भवन में करीब एक घंटे चली इस बैठक में आयुक्त ने कोटा की औद्योगिक संभावनाओं, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और निवेश के माहौल का विस्तृत खाका सामने रखा। बैठक बेहद आत्मीय और सकारात्मक माहौल में हुई।
इस मुलाकात की कहानी सोशल मीडिया से शुरू हुई। आनंद महिंद्रा ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर कोटा की सराहना करते हुए उसे अपनी ‘वांडरर लिस्ट’ में शामिल किया था। इसके बाद KDA की ओर से ईमेल के जरिए उन्हें कोटा आने का न्योता भेजा गया। जवाब में श्री महिंद्रा के कार्यालय ने आमंत्रण के लिए आभार जताते हुए मुंबई में मिलने का समय दिया। सोशल मीडिया की एक सराहना से शुरू हुआ यह सिलसिला अब कोटा में निवेश की ठोस चर्चा तक पहुंच गया है।
ऑटोमोबाइल, कृषि उपकरण, नवीकरणीय ऊर्जा और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सक्रिय महिंद्रा समूह देश के सबसे बड़े औद्योगिक समूहों में से एक है, ऐसे में यह मुलाकात कोटा के लिए एक अहम अवसर मानी जा रही है।
आयुक्त महोदय ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कोटा अब कोचिंग सिटी की पहचान से आगे बढ़कर उद्योग और निवेश का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने याद दिलाया कि कोटा कभी राजस्थान की औद्योगिक नगरी के रूप में जाना जाता था। रसायन, उर्वरक और बिजली उत्पादन की बड़ी इकाइयां आज भी यहां काम कर रही हैं, और कोटा स्टोन देश-विदेश में शहर की पहचान है।
कोटा की खूबियां गिनाते हुए आयुक्त ने सबसे पहले उसकी लोकेशन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली–मुंबई कॉरिडोर के केंद्र में बसा कोटा देश के दो सबसे बड़े आर्थिक केंद्रों को जोड़ने वाली अहम कड़ी है। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे कोटा को सड़क मार्ग से दोनों महानगरों से तेजी से जोड़ता है। दिल्ली–मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित कोटा जंक्शन माल और यात्री परिवहन का बड़ा केंद्र है। वहीं कोटा का नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट शुरू होने पर हवाई कनेक्टिविटी भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।
उद्योगों की बुनियादी जरूरतों पर बात करते हुए उन्होंने ध्यान दिलाया कि सालभर बहने वाली चंबल नदी से कोटा में सतत जल आपूर्ति का भरोसा है, जो राजस्थान जैसे राज्य में किसी भी उद्योग के लिए बड़ी बात है। उन्होंने यह भी बताया कि कोटा थर्मल और पास के रावतभाटा परमाणु बिजलीघर जैसे बड़े बिजली उत्पादन केंद्रों के चलते यह क्षेत्र ऊर्जा का सशक्त केंद्र है। इसके साथ उद्योगों के लिए भूमि की उपलब्धता और राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियां कोटा को नई औद्योगिक इकाइयों के लिए आदर्श गंतव्य बनाती हैं।
उद्योग के साथ-साथ बैठक में कोटा और हाड़ौती के पर्यटन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त महोदय ने बताया कि चंबल रिवरफ्रंट, मुकुंदरा हिल्स और रामगढ़ विषधारी जैसे दो टाइगर रिजर्व, घड़ियालों और प्रवासी पक्षियों से भरपूर चंबल सफारी, गरड़िया महादेव का मनोरम नजारा, गढ़ पैलेस, बूंदी की ऐतिहासिक धरोहर और कैथून का विश्वप्रसिद्ध कोटा डोरिया इस अंचल को पर्यटन का उभरता गंतव्य बनाते हैं। आधुनिक सुविधाओं के साथ कोटा निवेशकों और उनकी टीमों के लिए एक बेहतर रहने योग्य शहर भी है।
इसी क्रम में आयुक्त ने हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में निवेश का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इन पर्यटन स्थलों के आसपास होटल, रिसॉर्ट और इको-टूरिज्म सुविधाओं में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं। प्रस्ताव में रुचि दिखाते हुए श्री महिंद्रा ने अपनी टीम को निर्देश दिए कि वह वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए KDA से जुड़कर हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर आगे चर्चा करे। आयुक्त महोदय ने महिंद्रा समूह को कोटा में उद्योग और हॉस्पिटैलिटी, दोनों क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं तलाशने का न्योता देते हुए आश्वस्त किया कि KDA और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर आयुक्त ने कहा, “कोटा के पास वह सब कुछ है जो किसी उद्योग को चाहिए: दो बड़े महानगरों के बीच की लोकेशन, एक्सप्रेसवे और रेल की कनेक्टिविटी, चंबल का पानी, भरपूर बिजली और देशभर में बनी पहचान। हमने श्री आनंद महिंद्रा जी के सामने कोटा को निवेश के मजबूत विकल्प के रूप में रखा है, और निवेश एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में संभावनाओं पर उनकी टीम के साथ जल्द ही विस्तार से चर्चा होगी। कोटा की पहचान अब तक उसके विद्यार्थियों से रही है; हमें विश्वास है कि आने वाले समय में कोटा देश के औद्योगिक नक्शे पर भी अपनी नई पहचान बनाएगा।”
बैठक में KDA की उपायुक्त सृष्टि डबास और निदेशक (आयोजना) भूपेश मालव भी मौजूद रहे। बैठक के अंत में KDA की ओर से महिंद्रा को कोटा आने का विशेष आमंत्रण पत्र, स्मृति चिह्न और कोटा की पहचान कोटा डोरिया दुपट्टा भेंट किया गया।






