Thursday, November 19, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

शिक्षा से वंचित बच्चों को जादू के माध्यम से शिक्षा से जुड़ने की दी प्रेरणा

 शंभूपुरा में आयोजित हुआ शिक्षा प्रेरणा जादू शो, 80 बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित कर किया प्रोत्साहित

कोटा।शिक्षा से वंचित बच्चों को औपचारिक शिक्षा से जोड़ने और उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से द ज्याग संस्था, रोजड़ी की ओर से शंभूपुरा में विशेष शिक्षा प्रेरणा जादू शो का आयोजन किया गया। भील समुदाय के 80 बच्चों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में जादू कला को शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का माध्यम बनाया गया। जादू के हैरतअंगेज करतबों ने बच्चों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें शिक्षा के महत्व का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में बस्ती के महिला-पुरुषों सहित समाजसेविका किरण प्रजापति विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर संस्था की ओर से बच्चों को पटाखे, चॉकलेट, पेंसिल बॉक्स, अभ्यास पुस्तिकाएं, पेंसिल, रबर, कटर सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। शिक्षण सामग्री और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मशहूर जादूगर डॉ. धांसू अन्नू सिंह धाकड़ का जादुई शो रहा। उन्होंने अपने अनूठे जादुई करतबों और मनोरंजक प्रस्तुतियों से बच्चों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज जादू देखकर बच्चे आश्चर्यचकित रह गए और तालियां बजाकर अपनी खुशी जाहिर करते रहे। डॉ. धाकड़ ने जादू कला के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया और बताया कि ज्ञान एवं शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के अनेक रास्ते खुलते हैं। डॉ. धाकड़ मैजिक मेनिया मैजिक आर्ट के बैनर तले पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा संवर्धन, अध्यात्म, चिकित्सा सेवा, संस्कृति संवर्धन, साहित्य एवं कला के उत्थान के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। उनका कहना है कि कला और मनोरंजन के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। जादू के माध्यम से बच्चों तक शिक्षा का संदेश पहुंचाना इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम के आयोजन में विशेष सहयोग समाजसेविका किरण प्रजापति का रहा। वे पिछले कई वर्षों से इन बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग देकर शिक्षा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। उनका प्रयास है कि आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध मिनिएचर चित्रकार शंभूसिंह चोबदार ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों को औपचारिक शिक्षा से जोड़ना अत्यंत पुनीत कार्य है। शिक्षा के माध्यम से समाज में ज्ञान का उजियारा फैलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए ऐसे प्रयासों की आवश्यकता है। डॉ. धाकड़ का जादुई शो भी जनजागरण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है। वे रंगमंच, स्टोरी टेलिंग और व्याख्यानों के माध्यम से समाज को प्रेरणा देने के साथ मार्गदर्शन का कार्य कर रहे हैं। अंत में किरण प्रजापति ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, सहयोगियों एवं दर्शकों का स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने आयोजन में सहभागिता निभाने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

IMG-20261001-WA0050
previous arrow
next arrow

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles