कोटा/ न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसाइटी के तत्वावधान में 5 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले अष्टम हाडोती गौरव सम्मान–2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस प्रतिष्ठित आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन समिति ने उनके केंप कार्यालय पहुंचकर औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा।
आयोजन समिति के संरक्षक परमानन्द गोयल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह सम्मान वर्ष 2018 से निरंतर हाडोती क्षेत्र की विशिष्ट प्रतिभाओं को प्रदान किया जा रहा है।
संभागीय संयोजक लोकेश शर्मा एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रतीक गोयल ने बताया कि सम्मान हेतु निःशुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर 2025 निर्धारित है। कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ जिले की प्रतिभाएं संबंधित जिला संयोजकों के पास आवेदन जमा करा सकती हैं।
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती अंजू शर्मा ने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह सम्मान शिक्षा, चिकित्सा, खेल, कला, साहित्य, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रदान किया जाता है।






