Friday, August 21, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

भारतीय भाषा दिवस पर राजस्थानी पहेली ग्रंथ का विमोचन

कोटा/ महान तमिल कवि सुब्रह्मण्यम भारती जी की स्मृति में भारत सरकार प्रतिवर्ष 11 दिसंबर को भारतीय भाषा दिवस समारोह आयोजित करती है। उसी के अंतर्गत 12 दिसंबर, 2025 को अखिल भारतीय साहित्य परिषद द्वारा भी स्वामी विवेकानंद बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शॉपिंग सेंटर कोटा में समारोह आयोजित किया गया। साथ ही कवि योगीराज योगी द्वारा रचित राजस्थानी भाषा की पहेलियों की पुस्तक ‘ आओ फियाल़्यां बूझां ‘ का लोकार्पण हुआ। समारोह की अध्यक्षता परिषद संरक्षक रामेश्वर शर्मा ‘रामू भैया’ ने की तथा मुख्य वक्ता रहे राजकीय कला महाविद्यालय में हिंदी के प्रोफेसर श्री विवेक कुमार मिश्र।

इस समारोह में हिंदी, राजस्थानी, सिन्धी, ब्रज और संस्कृत के साहित्यकारों ने भाषाई सिद्धांतों पर अपने-अपने विचार प्रकट करे। सेवानिवृत प्राचार्य श्री कृष्ण बिहारी भारती ने संस्कृत में ही संग्रहणीय उद्बोधन दिया। समाज सेवी विनोद अजवानी ने सिंधी भाषा में, भाषा के उद्भव व विकास पर तथा के. सी. राजपूत ने ब्रज भाषा पर व्याख्यान दिया। मुख्य वक्ता प्रो. विवेक मिश्र का भारतीय भाषाओं की समन्वयकारी गुणात्मकता पर प्रभावशाली उद्बोधन रहा।

11 वर्षीय बालक हर्षित चौथवानी ने सिंधी भाषा पर रचित भजन की प्रस्तुति दी जिसने सभी श्रोताओं का मन मोह लिया। इसी समारोह में हिंदी और राजस्थानी के लब्ध प्रतिष्ठ कवि श्री योगीराज योगी की राजस्थानी भाषा में सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘आओ फियाल़्यां बूझां ‘ पर कृति परिचय देते हुए वरिष्ठ साहित्यकार श्री सी. एल.सांखला ने कहा कि इस पुस्तक की पहेलियां अत्यंत सरल और जिज्ञासु होने के साथ-साथ बाल प्रबोधन को भी प्रेरित करती हैं। तथा राजस्थानी भाषा के प्रति सहज आकर्षण को भी बढ़ाती हैं। इस पुस्तक के माध्यम से जिन घरों में हाडोती भाषा का प्रचलन लगभग बंद सा हो गया है उनमें भी यह पहेलियां उत्साह से पढ़ी जाएंगी, जिससे हाडोती बोलने की प्रति रुझान बढ़ेगा। अध्यक्षीय भाषण में महाकवि सुब्रमण्यम भारती जी की कविताओं के प्रस्तुतीकरण के साथ कवि रामू भैया ने भारती जी के राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक सृजन से श्रोताओं को अवगत कराया। परिषद गीत का पठन श्रीमती पल्लवी दरक न्याती व सरस्वती वंदना श्री राम गोपाल जी गौतम ने की।

कार्यक्रम में नगर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि साहित्यकारों ने महाकवि सुब्रह्मण्यम भारती जी को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए जिनमें जनसंपर्क विभाग के पूर्व निदेशक एवं प्रख्यात पत्रकार श्री प्रभात कुमार सिंघल, कवि श्री विश्वामित्र दाधीच, किशन वर्मा, प्रेम शास्त्री, श्रीमती रेखा पंचोली, डॉ. युगल सिंह, श्रीमती पल्लवी दरक न्याती, श्रीमती रमा शर्मा, श्रीमती अनुराधा, नहुष व्यास, देवेंद्र सक्सेना, भगवती प्रसाद जी गौतम, योगेश यथार्थ, देवकी दर्पण, राम शर्मा, हेमराज सिंह ‘हेम’ रूपनारायण ‘संजय’ आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इकाई महामंत्री राम मोहन कौशिक ने स्वागत भाषण व साहित्य मंत्री के.सी. राजपूत ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक श्री सत्येंद्र वर्मा द्वारा किया गया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles