शकूर अनवर
ऑंसुओं में रवानी* नहीं है।
यानी ग़म में जवानी नहीं है।।
*
तिशनगी* सब मेरे नाम लिख दो।
मेरे हिस्से में पानी नहीं है।।
*
मेरे दिल पे है मेरी हुकूमत।
आपकी राजधानी नहीं है।।
*
ज़िंदगी की हक़ीक़त को समझो।
ज़िंदगी इक कहानी नहीं है।।
*
लोग उसको ख़ुदा ही कहेंगे।
जिसका कोई भी सानी नहीं है।।
*
मेरी आवाज़ मेरी है “अनवर”।
ये सदा*आसमानी नहीं है।।
*
शब्दार्थ:-
रवानी*तेज़ी तीव्रता
तिशनगी*प्यास तृष्णा
सदा*आवाज़
शकूर अनवर
9460851271
*****-*******–*-*************************–**
शकूर अनवर
खॅंडर दिल के हालात अच्छे नहीं हैं।
मुसाफ़िर अब इसमें ठहरते नहीं हैं।।
*
न हो जिसमें ख़ुद को बदलने की ख़्वाहिश।
सितारे भी उसके बदलते नहीं हैं।।
*
अभी धूप का रक़्स* है आसमाॅं पर।
अभी आसमाॅं पर परिंदे नहीं हैं।।
*
बहुत ख़ुश हूंँ मिलने का वादा है उनका।
मगर वो जो कहते हैं करते नहीं हैं।।
*
सिफ़त मोम की उनमें आये कहाँ से।
सनम पत्थरों के पिघलते नहीं हैं।।
*
मुहब्बत की झनकार बाक़ी है इनमें।
अभी दिल के कुछ तार टूटे नहीं हैं।।
*
अभी आस बाक़ी है महरो-करम* की।
अभी देवता मुझसे रूठे नहीं हैं।।
*
अगरचे ज़माना है अच्छे दिनों का।
हमारे तो दिन फिर भी अच्छे नहीं हैं।।
*
समन्दर को दुख है तो बस इतना “अनवर”।
जिन्हें डूबना था वो डूबे नहीं हैं।।
*
शब्दार्थ:-
रक़्स*नृत्य
सिफ़त”गुण विशेषता
महरो-करम* मेहरबानी कृपाऍं
शकूर अनवर
9460851271





