हिन्दी दिवस पूर्व संध्या पर विचार एवं काव्य गोष्ठी आयोजित
कोटा। अखिल भारतीय साहित्य परिषद् कोटा शाखा की महानगर इकाई, गायत्री विहार स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में हिन्दी दिवस के पूर्व अवसर पर विचार गोष्ठी एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों एवं कवियों ने हिन्दी भाषा के उद्भव, विकास, समृद्धि एवं संवर्धन पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही हिन्दी के गौरव और सम्मान को समर्पित रचनाओं का काव्य पाठ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामेश्वर शर्मा ‘रामू भैया’ रहे। उन्होंने हिन्दी के संवर्धन एवं परिवर्धन के लिए युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि हिन्दी को जन-जन तक पहुंचाने और इसके गौरव को बनाए रखने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विशिष्ट अतिथि विष्णु हरिहर ने साहित्य परिषद् की ओर से आयोजित किए जाने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी नृत्य गीत ने की, जबकि संचालन राजेन्द्र शर्मा ‘मोरपा’ ने किया।
काव्य गोष्ठी में राधेश्याम शर्मा, राममोहन कौशिक, शिवराज योगिराज ‘योगी’, गिरजा शंकर शर्मा, नन्द किशोर ‘अनमोल’, डॉ. शिव कुमार ‘शिव लहरी’, रूपनारायण शर्मा ‘संजय’, रघुराज सिंह ‘कर्मयोगी’, प्रशांत टेहल्यानी, गौरीशंकर ‘रुद्राक्ष’ सहित करीब दो दर्जन कवियों ने हिन्दी भाषा की महत्ता, गौरव और राष्ट्र जीवन में उसकी भूमिका को रेखांकित करती रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम के अंत में इकाई अध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा ने सभी आगंतुक कवियों, साहित्यकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। गोष्ठी में हिन्दी भाषा और साहित्य के प्रति समर्पण तथा इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।





