कोटा। एस.एस. चौबदार आर्ट गैलरी एवं चौबदार फैमिली की ओर से भगवान श्री गणेश की मिट्टी से निर्मित प्रतिमा का अनूठे तरीके से विसर्जन किया गया। परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बप्पा की प्रतिमा को घर की छत पर रखे गमले में विधि-विधान से विसर्जित किया।
चौबदार परिवार का मानना है कि मिट्टी से बने श्री गणेश जी का गमले में विसर्जन करने से प्रतिमा मिट्टी में विलीन होकर पौधे के रूप में जीवन का आधार बनेगी। परिवार के अनुसार, “बप्पा हमसे विदा नहीं हुए हैं, बल्कि सालभर हमारे साथ रहेंगे।”
इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। गमले में विसर्जन की इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और गणेश उत्सव को प्रकृति से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
चौबदार परिवार की इस पहल को प्रकृति प्रेम और आस्था के सुंदर संगम के रूप में देखा जा रहा है।






