धूलेट में गणपति बप्पा को दी भावपूर्ण विदाई, निकली भव्य शोभायात्रा
धूलेट। गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक धूलेट नगर में गणपति उत्सव की धूम रही। हर घर और मोहल्ले में भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाएं स्थापित कर कई दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर श्रीनाथ पुरी धाम पुरानी चौकी नवयुवक मंडल, नवदुर्गा नवयुवक मंडल, श्री राधे कृष्णा नवयुवक मंडल एवं श्री नर्मदेश्वर महादेव नवयुवक मंडल की ओर से भगवान गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ शामिल हुए।
नगर भ्रमण के दौरान बाबा ग्रुप नवयुवक मंडल के सदस्यों द्वारा सभी मंडलों के लिए अल्पाहार एवं पेयजल की व्यवस्था की गई।
इसके बाद सभी गणपति प्रतिमाओं को कालीसिंध नदी तट पर एकत्रित किया गया। यहां सभी मंडलों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इसके पश्चात भक्तिमय वातावरण में गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ भगवान श्री गणेश जी का भावपूर्ण विसर्जन किया गया।






