तलवंडी में चोर की दहशत! मकान मालिक को चाकू दिखाकर बोला—‘अंकल दूर रहो, मेरे पास चाकू है’
कोटा। जवाहर नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी सेक्टर-2 में चोरी की वारदात के दौरान मकान मालिक को चाकू दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। आरोपी छत के रास्ते मकान में दाखिल हुआ और पानी की मोटर, मीटर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने विद्युत वायरिंग भी काट दी।
पीड़ित कन्हैया लाल के अनुसार, वह किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। सुबह करीब सात बजे वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला और घर में पानी बह रहा था। अंदर जाकर जांच करने पर पानी का मीटर गायब मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि रात के समय मकान से खटपट की आवाजें सुनाई दी थीं।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी अगले दिन दोबारा मकान में घुस आया। इस दौरान उसने विद्युत वायरिंग काट दी और कैमरे की डीवीआर व बैटरी ले जाने का प्रयास किया।
इसी दौरान मकान मालिक के मौके पर पहुंचने पर उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर मौजूद आरोपी ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और कहा— “अंकल, दूर रहो, मेरे पास चाकू है।”
चाकू दिखाकर दी गई धमकी से मकान मालिक और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चोरी की वारदात को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।





