कोटा में ऑटो चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत
्कोटा। नयापुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम ऑटो चालकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जेके लोन अस्पताल के बाहर ऑटो स्टैंड पर एक ऑटो चालक पर नुकीली धारदार वस्तु से जानलेवा हमला कर दिया गया। सीने में गंभीर चोट लगने के बाद घायल को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान मुजाहिद हुसैन अंसारी (44) निवासी लाड़पुरा दरवाजा, कोर्ट के ऊपर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
दो ऑटो चालकों के बीच हुआ विवाद
डीएसपी राजेश टेलर के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे जेके लोन अस्पताल के ऑटो स्टैंड पर दो ऑटो चालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने दूसरे के सीने पर नुकीली धारदार वस्तु से हमला कर दिया।
हमले में मुजाहिद हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस विवाद के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक का शव एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।





