राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का दिया संदेश, जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने सरदार पटेल के योगदान से प्रेरणा लेने का किया आह्वान
कोटा, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर शनिवार को कोटा में एकता दौड़ का आयोजन किया गया। सेवन वंडर्स पार्क से शुरू हुई इस दौड़ में स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, नर्सिंग विद्यार्थियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों तथा बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एकता दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
सरदार पटेल का योगदान सदैव प्रेरणादायी : जिला कलक्टर
इस अवसर पर जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने देश की रियासतों का एकीकरण कर एक सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन आदर्शों को आत्मसात करें तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस तक सीमित रहने वाला संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन और व्यवहार का हिस्सा होना चाहिए। एकता दौड़ से पहले जिला कलक्टर द्वारा सभी प्रतिभागियों को एकता की शपथ विधि लाई गई।
खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और युवाओं की रही विशेष सहभागिता
एकता दौड़ में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) राजेश जोशी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रवि वर्मा, नगर निगम उपायुक्त भावना सिंह, जिला खेल अधिकारी वाई.बी. सिंह, एनयूएलएम से जिला प्रबंधक हेमलता गांधी एवं स्काउट एवं गाइड से यज्ञ तथा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






