Friday, October 30, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

शिक्षा सहकारी वाटिका का हुआ उद्घाटन,आई.के. दत्ता ने पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को बताया समय की आवश्यकता

शिक्षा सहकारी वाटिका का हुआ उद्घाटन,आई.के. दत्ता ने पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को बताया समय की आवश्यकता

भारत सिंह चौहान✍️

कोटा , 30 अक्टूबर, शिक्षा विभाग कर्मचारी गण सहकारी सभा 696 कोटा-बारां की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नया गांव में विकसित की गई शिक्षा सहकारी वाटिका का उद्घाटन समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य कुश्ती संघ के संरक्षक आई.के. दत्ता रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी सभा के उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमनालाल गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा शिक्षा सहकारी वाटिका का उद्घाटन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विकसित वाटिका की सराहना करते हुए अतिथियों ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के हरित क्षेत्र विकसित करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वाटिका न केवल विद्यालय परिसर की सुंदरता बढ़ाती है, बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश देने का भी कार्य करती है।

मुख्य अतिथि आई.के. दत्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का विस्तार समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। विद्यालयों में विकसित की जाने वाली वाटिकाएं विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रकाश जायसवाल ने कहा कि शिक्षा सहकारी सभा द्वारा शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण एवं विद्यालय विकास के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। शिक्षा सहकारी वाटिका इसी सामाजिक प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहकारिता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देना भी है। विद्यालयों में हरित वातावरण विकसित करने के लिए संस्था आगे भी ऐसे प्रयास जारी रखेगी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम मेघवाल ने अतिथियों का स्वागत किया तथा शिक्षा सहकारी सभा द्वारा विद्यालय परिसर में वाटिका विकसित करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी सभा के डायरेक्टर कमल कुमार शर्मा, दिनेश कुमार मीणा एवं धर्मेंद्र कुमार मेघवाल सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक दिनेश कुमार मीणा थे। समारोह का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के विकास के संकल्प के साथ हुआ।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles