महापौर की रेस में कौन? कोटा में BJP का बोर्ड बनते ही महापौर की रेस तेज! OBC महिला सीट पर 4 नामों की चर्चा, किसके सिर सजेगा ताज ?
कोटा नगर निगम चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद अब भाजपा में महापौर पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पहली बार कोटा में महापौर की सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के बाद पार्टी के संभावित चेहरों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल सीमा चौधरी, अनुसुईया गोस्वामी, प्रतिभा सुमन और प्रमिला वर्मा के नाम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी नाम पर पार्टी की ओर से आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।वार्ड 83 से जीत दर्ज करने वाली सीमा चौधरी का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस की सुनीता शर्मा को 1746 वोटों से हराया है। वे पूर्व पार्षद धीरेन्द्र चौधरी की पत्नी हैं। बड़े अंतर से जीत और राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते उनकी दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है। वहीं वार्ड 98 से विजयी अनुसुईया गोस्वामी भी महापौर पद की दौड़ में बताई जा रही हैं। भाजपा की पूर्व प्रदेश मंत्री गोस्वामी ने कांग्रेस के आयुष पारेता को 393 वोटों से शिकस्त दी है। संगठन में काम करने का अनुभव उनकी दावेदारी के पक्ष में माना जा रहा है।इसके अलावा वार्ड 64 से प्रतिभा सुमन और वार्ड 84 से प्रमिला वर्मा के नाम भी चर्चाओं में हैं। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व किस चेहरे पर भरोसा जताता है। क्या पार्टी अनुभवी चेहरे को मौका देगी या किसी नए नाम पर दांव खेलेगी? महापौर पद को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व की घोषणा के बाद ही साफ होगा।






