बारां में पहली बार आम आदमी पार्टी को बहुमत, 60 में से 31 सीटें जीतीं, प्रमोद जैन भाया को झटका
बारां नगर निकाय चुनावों में मतगणना के बाद आए नगर परिषद के परिणामों ने सबको चौंका दिया है. बारां नगर परिषद के 60 वार्डों में से 31 वार्डों में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 18 और भाजपा को 9 सीटें मिली हैं. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बारां में सोमवार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई. मतगणना के बाद बारां नगर परिषद में अप्रत्याशित परिणाम सामने आए, जिससे कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रमुख दलों के मनसूबों पर पानी फिर गया.शुरुआती वार्ड नंबर 1 से 15 के परिणामों में 9 वार्डों में आम आदमी पार्टी की जीत ने लोगों को चौंका दिया. उसके बाद लगातार AAP को बढ़त मिलती गई और कांग्रेस व भाजपा के दिग्गज प्रत्याशी भी चुनाव हारते गए.जहां लोग कयास लगा रहे थे कि आम आदमी पार्टी 10 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी. वहीं, आए परिणामों के बाद सबके आंकलन धरे के धरे रह गए. कांग्रेस जहां बारां नगर परिषद में 35 सीटें जीतने का दावा कर रही थी, उसे 18 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा. वहीं, भाजपा भी बोर्ड बनाने का दावा कर रही थी, लेकिन वह 9 सीटों पर सिमट कर रह गई. कई वार्डों में तो भाजपा चौथे नंबर पर रही.
भाया-बैरवा को लगा झटका:
इन परिणामों से सत्ताधारी पार्टी के विधायक राधेश्याम बैरवा को बड़ा झटका लगा है, तो वहीं चुनावों को कांग्रेस के पक्ष में मान रहे पूर्व मंत्री व अंता विधायक प्रमोद जैन भाया को भी मुंह की खानी पड़ी है. नतीजों ने दोनों दलों के नेताओं को यह संदेश दे दिया है कि अब केवल लच्छेदार भाषणों से काम नहीं चलेगा, जमीनी स्तर पर काम करना पड़ेगा, क्योंकि जनता अब सब समझ चुकी है.
जनता को चाहिए था विकल्प:
लोगों का कहना है कि यह परिणाम आम आदमी पार्टी के पक्ष में नहीं, बल्कि पूर्व सभापति कमल राठौर के पिछले ढाई साल के विकास कार्यों के पक्ष में आया है. साथ ही यह परिणाम कांग्रेस के बीते 15 साल और भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल के खिलाफ जनादेश है. नतीजे साबित करते हैं कि अब जनता को विकल्प चाहिए. भाजपा और कांग्रेस से जनता ऊब चुकी है, वहीं युवा भी अब परम्परागत पार्टियों से हटकर नई सोच और बदलाव को वोट कर रहा है.
फूल-मालाओं से लदे कमल राठौर:
परिणामों में जीत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व सभापति कमल राठौर मतगणना स्थल के बाहर समर्थकों के साथ पहुंचे, जहां समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर कंधों पर बिठा लिया. मतगणना के दौरान AAP समर्थकों ने मतगणना स्थल के बाहर जमकर आतिशबाजी की






