लेखक परमानन्द गोयल ने एलन के वाइस प्रेसिडेंट – फाइनेंस ललित माहेश्वरी को पुस्तक संग्रह भेंट किया
विशेष संवाददाता : भारत सिंह चौहान
कोटा, 14 सितंबर ‘संसद विजिट-यादें’, ‘कोटा टूरिज्म – विजिट कोटा, यादगार कोटा’, ‘विचारों की उड़ान’ और ‘हाड़ौती गौरव सम्मान 2026’ जैसी चर्चित कृतियों के लेखक एवं सामाजिक चिंतक परमानन्द गोयल, जिनके 90 से अधिक लेख विभिन्न समाचार पत्रों / चैनल्स पर प्रकाशित हो चुके हैं, ने एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्रा. लि. के वाइस प्रेसिडेंट – फाइनेंस श्री ललित माहेश्वरी को अपनी पुस्तकों का संग्रह भेंट किया। श्री माहेश्वरी चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ-साथ सर्टिफाइड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (CMA) भी हैं।
श्री गोयल द्वारा भेंट किए गए संग्रह में उनकी नवीनतम कृति ‘कोटा लैंड बैंक : विश्लेषण और अवसर’ सहित ‘कोटा टूरिज्म – विजिट कोटा, यादगार कोटा’ और ‘विचारों की उड़ान – जीवन आपका, नज़रिया आपका और दृष्टिकोण भी आपका’ सहित कुल पाँच पुस्तकें शामिल हैं।
इस अवसर पर लेखक गोयल ने बताया कि ‘कोटा लैंड बैंक’ पुस्तक नगर नियोजन, भूमि-प्रबंधन और पारदर्शी संपत्ति व्यवहार को सुगम बनाने की दिशा में एक व्यावहारिक मार्गदर्शिका के रूप में उपयोगी है। इसमें KDA की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं, रिक्त भूखंडों की स्थिति और कोटा के ‘ट्राई-कॉरिडोर मॉडल’ को सरल और बोधगम्य भाषा में प्रस्तुत किया गया है। आम नागरिकों और निवेशकों की सुविधा हेतु पुस्तक में FAQs तथा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से संपत्ति के क्रय-विक्रय से जुड़ी प्रक्रियाओं को स्पष्ट किया गया है।
इस अवसर पर श्री ललित माहेश्वरी ने ‘कोटा टूरिज्म’ को कोटा की समृद्ध पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत एवं प्राकृतिक सौंदर्य को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने वाला एक महत्त्वपूर्ण एवं प्रभावी दस्तावेज़ बताया।
लेखक परमानन्द गोयल ने कहा कि ‘विचारों की उड़ान’ जीवन के विविध अनुभवों पर आधारित एक विचारोत्तेजक कृति है, जो सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन एवं दृष्टिकोण में सार्थक परिवर्तन हेतु पाठकों को प्रेरित करती है।
यह कृतियाँ विद्यार्थियों, शिक्षकों, पर्यटकों, विशेषज्ञों और आम नागरिकों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होंगी।
उल्लेखनीय है कि विविध विषयों पर सतत लेखन कर रहे श्री गोयल की अब तक 8 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है।






