Sunday, August 16, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा में 59वें श्रावणी तीज मेले का भव्य आगाज: सोलह श्रृंगार से सजी तीज माता की निकली ठाठ-बाठ से सवारी, 11 दिवसीय मेले का हुआ शुभारम्भ 

वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति माथुर की रिपोर्ट ✍️

कोटा/श्रावणी तीज मेला महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 59वें श्रावणी तीज मेला महोत्सव का शनिवार को भव्य एवं दिव्य शोभायात्रा के साथ आगाज हो गया। मेला अध्यक्ष बसंत भरावा ने बताया कोटा जंक्शन स्थित कुलकर्णी हॉल से विशेष पुष्पों एवं सोलह श्रृंगार से सजी तीज माता की पारंपरिक सवारी ठाठ-बाठ के साथ निकाली गई। जिसके दर्शन के लिए समूचा जनसमुदाय सड़कों पर उमड़ पड़ा। तीज माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इसके साथ ही स्टेशन स्थित हाट बाजार में 11 दिवसीय तीज मेले की भी रंगारंग शुरुआत हो गई है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक राजाराम जैन कर्मयोगी ने बताया शोभायात्रा प्रारंभ होने से पूर्व कुलकर्णी हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का संचालन एंकर नरेश कारा द्वारा किया गया मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा थे तथा अध्यक्षता पूर्व प्रतिपक्ष नेता विवेक राजवंशी ने की। विशेष अतिथि के रूप में शहर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन, गोविंद नारायण अग्रवाल, पूर्व उपमहापौर राकेश सोरल, लव शर्मा, रमेश चतुर्वेदी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष हेमंत विजय सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी, सुनीता भरावा, रूपाली भरावा, अलका दुलारी, उषा ठाकुर, निशा गौतम द्वारा विधि-विधान से तीज माता की पूजा-अर्चना कर सुहाग चूड़ा व श्रृंगार सामग्री भेंट की गई। तत्पश्चात शुरू हुई शोभायात्रा शीतला चौक और रानी जी की धर्मशाला होते हुए भीमगंजमंडी थाने के सामने स्थित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। जहां तीज माता की भव्य महाआरती की गई। इसके उपरांत रात्रि को भरावा सदन पहुंचकर यात्रा का विश्राम हुआ।

लोककला के रंग और 59 किलो घेवर प्रसादी का वितरण

शोभायात्रा में जैमिनी बैंड की सुमधुर स्वर लहरियों के साथ लोक कलाकारों ने कच्ची घोड़ी, अलगोजा और भवई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा में घोड़ा-बग्गी में सजी राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती और हनुमान जी की जीवंत झांकियां तथा लहरिया परिधान में सजी महिलाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में 21 स्वागत द्वारों से पुष्प वर्षा कर सवारी का अभिनंदन किया गया। मेले के 59वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजन समिति द्वारा मार्ग में 59 किलो प्रसिद्ध घेवर का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।

11 दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का आगाज

मेला संयोजक श्याम भरावा ने बताया कि 1968 में स्व. नंदकिशोर भरावा व भंवरलाल भरावा द्वारा स्थापित यह मेला 11 दिनों तक चलेगा। हाट बाजार में झूले, खिलौने और चाट-पकौड़े की दुकानें सज गई हैं। आगामी दिनों में 16 अगस्त को सदाबहार गीतों की शाम ‘भूली बिसरी यादें’, 17 अगस्त को खाटू श्याम जागरण, 18 व 19 अगस्त को देशभक्ति संध्या, 20 अगस्त को ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’, 21 अगस्त को सुरीली संगीत महफिल और 22 अगस्त को रॉकस्टार उमंग मित्तल ग्रुप की प्रस्तुति होगी। 25 अगस्त को भव्य सम्मान समारोह के साथ मेले का समापन होगा।

तीज माता मंदिर निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग

श्रावणी तीज मेला महोत्सव समिति ने कोटा स्टेशन क्षेत्र में ‘तीज माता’ का भव्य मंदिर स्थापित करने के लिए कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा को मांग पत्र सौंपा है। समिति अध्यक्ष बसंत कुमार भरावा के नेतृत्व में समिति ने कहा कि पिछले 59 वर्षों से कोटा स्टेशन हाट बाजार में श्रावणी तीज मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कोटा दशहरे के बाद 11 दिनों तक चलने वाला यह हाड़ौती का दूसरा सबसे बड़ा सांस्कृतिक आयोजन है। इस लोक पर्व को चिरस्थाई रूप देने के लिए समिति ने स्टेशन क्षेत्र के किसी पार्क में मंदिर हेतु स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही, मेला लगाने के लिए बजट देने की भी मांग की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles