भीलवाड़ा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। CBN चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने को भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया तहसील क्षेत्र में 123.630 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
CBN को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए मध्य प्रदेश से बिजोलिया तक अवैध डोडा चूरा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अधिकारियों की टीम ने भगवानपुरा-उमाजी का खेड़ा रोड पर निगरानी शुरू की। इस दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान चालक ने पूछताछ में बताया कि डोडा चूरा ट्रॉली और उसके हाइड्रोलिक सिस्टम के बीच बनाए गए एक गुप्त चैंबर में छिपाया गया था। ट्रॉली की बारीकी से तलाशी लेने पर वहां से 123.630 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद CBN ने अवैध डोडा चूरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया तथा एक व्यक्ति को एनडीपीएस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच जारी है।
CBN के अनुसार, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान का उद्देश्य केवल नशीले पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल को समाप्त करना भी है। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध CBN की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





