बारां/ अगस्त। शहर में खाली पड़े भूखंडों में गंदगी, कचरा एवं जलभराव से उत्पन्न हो रही नागरिकों की समस्याओं को लेकर महिला चौपाल समूह द्वारा 25 जुलाई को जिला कलेक्टर बाल मुकुंद असावा से भेंट कर ज्ञापन प्रस्तुत किया गया था। ज्ञापन में आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ खाली भूखंडों में जमा गंदगी और पानी के कारण मच्छरों के प्रकोप तथा नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव की ओर विशेष ध्यान आकर्षित किया गया था।
महिला चौपाल समूह की मांग पर जिला कलेक्टर महोदय ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया था। स्वायत्त शासन विभाग ने निकायों को खाली भूखंडों की सफाई एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खाली भूखंडों में गंदगी एवं जलभराव से बीमारियों का खतरा बढ़ने को देखते हुए नगर परिषद द्वारा ऐसे भूखंडों का सर्वे कर नोटिस जारी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सफाई करवाकर उसका खर्च संबंधित भूखंड मालिक से वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
महिला चौपाल समूह की नीता शर्मा, डिम्पल जयंत,सोनम , शालिनी, प्रेमलता ओझा, विद्या सेन इत्यादि ने जिला कलेक्टर बाल मुकुंद असावा एवं प्रशासन का नागरिकों की इस महत्वपूर्ण समस्या पर त्वरित संज्ञान लेने तथा प्रभावी कार्रवाई की दिशा में कदम उठाने के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।
समूह ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की इस पहल से शहर के खाली भूखंडों में व्याप्त गंदगी एवं जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।





