कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हाउस सीवरेज कनेक्शन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सीवरेज कनेक्शन कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि शहर में कुल लगभग 56 हजार हाउस सीवरेज कनेक्शन किए जाने हैं, जिनमें से अब तक करीब 24 हजार कनेक्शन पूरे किए जा चुके हैं। आयुक्त ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि शेष कनेक्शनों का कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक एवं तेजी से पूरा किया जाए।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों द्वारा कार्य का विरोध किया जा रहा है, वहां जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं समझाइश के माध्यम से लोगों को सीवरेज कनेक्शन के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जिन भवनों का सीवरेज नेटवर्क से जुड़ाव नहीं होता, वहां गंदे पानी का निस्तारण खुले नालों में होता है, जिससे गंदगी, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं सीवरेज नेटवर्क से जुड़ने पर गंदे पानी का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण संभव होता है, जिससे स्वच्छ वातावरण और बेहतर जनस्वास्थ्य सुनिश्चित होता है।
आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने भवनों को जल्द से जल्द सीवरेज नेटवर्क से जोड़ें और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर कोटा के निर्माण में सक्रिय सहयोग दें।
बैठक में निदेशक (अभियांत्रिकी) रविन्द्र प्रकाश माथुर, अधिशासी अभियंता पवन कुमार शर्मा, सहायक अभियंता सागर गर्ग तथा संवेदक फर्म एलएनए इन्फ्रा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















