भारत सिंह चौहान
कोटा/बारां/अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अंतर्गत शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं रक्त कोष फाउंडेशन बारां के संयुक्त तत्वावधान में समाजसेवी सुरेंद्र बरखेड़ी के जन्मदिवस के अवसर पर 6 अगस्त को शेरगढ़ में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने एक प्रेस बयान में दी। शिविर में 151 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयोजन समिति ने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं तथा क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।
प्रकाश जायसवाल ने बताया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन प्रदान कर सकता है। इसी भावना को लेकर दोनों संस्थाएं लगातार रक्तदान के क्षेत्र में जनजागरण एवं शिविरों का आयोजन करती रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवी सुरेंद्र बरखेड़ी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाने के उद्देश्य से इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन एवं प्रभावी व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न दायित्वों का निर्धारण किया गया है। समाजसेवी सुरेंद्र बरखेड़ी को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है। शिक्षक नेता नंदलाल केसरी को शिविर प्रभारी तथा समाजसेवी एवं शिक्षाविद डॉ. अनिल मरमिट को शिविर कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
आयोजन समिति द्वारा शेरगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, कर्मचारी संगठनों तथा स्काउट-गाइड सदस्यों से संपर्क कर उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिविर स्थल पर रक्तदाताओं के लिए पंजीकरण, चिकित्सकीय परीक्षण, रक्तदान अल्पाहार तथा भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि रक्तदाता सहज एवं सुरक्षित वातावरण में रक्तदान कर सकें।
संस्था उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमनालाल गुर्जर ने बताया कि रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी माना जाता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान का संकल्प ले, तो रक्त की कमी जैसी समस्या को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी स्वस्थ नागरिकों, विशेषकर युवाओं से 6 अगस्त को शेरगढ़ पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा मानवता की सेवा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से 151 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जाएगा और यह शिविर सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।






