भारत सिंह चौहान
कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अपने दो दिवसीय कोटा मंडल निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कोटा रेलवे स्टेशन एवं न्यू कोटा स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत महाप्रबंधक कुलकर्णी सभागार में आयोजित एसएनटी कॉन्फ्रेंस में भी शामिल हुए। इसके पश्चात उन्होंने न्यू कोटा स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, अपर मंडल रेल प्रबंधक ललित कुमार धुरंधर एवं योगेश कुमार मित्तल, मुख्य परियोजना प्रबंधक सौरभ मिश्रा सहित मंडल के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने कोटा वैगन रिपेयर वर्कशॉप का निरीक्षण कर व्हील एवं सीटीआरबी शॉप, बोगी शॉप तथा बॉक्स शॉप की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्य कार्यकारी प्रबंधक सुधीर सरवरिया, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.डी. पाटीदार एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर एकनाथ मोहकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने कोटा स्थित सिग्नल एवं दूरसंचार जीएसयू यूनिट में स्थापित उन्नत कवच फैट रूम का उद्घाटन किया तथा कवच प्रणाली की विश्वसनीयता एवं परिचालन दक्षता बढ़ाने हेतु किए गए तकनीकी नवाचारों की सराहना की।
महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान कोटा मंडल में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा प्रणालियों तथा रखरखाव व्यवस्थाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर बल दिया।






