-भारत सिंह चौहान
कोटा। ओम कोठारी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, भारतीय योग संस्थान, लोक अधिकार मंच एवं आईएसटीडी कोटा चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में योगशाला का आयोजन किया गया। विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को महाविद्यालय में नीट परीक्षा आयोजित होने के कारण पूर्व संध्या पर संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं संस्थान निदेशक डॉ. अमित सिंह राठौड़ के स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ।
डॉ. अमित सिंह राठौड़ ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की जीवन-पद्धति है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता एवं भारतीय योग संस्थान के कोटा जिला विभागाध्यक्ष राजेश चतर ने कहा कि योग भारत की ऐसी अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवन जीने का मार्ग दिखाया है। योगशाला में भारतीय योग संस्थान के प्रशिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को भुजंगासन, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासन कराए गए। साथ ही अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं कपालभाति प्राणायाम का अभ्यास करवाकर उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. अमित सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को सूक्ष्म यौगिक क्रियाओं का अभ्यास भी कराया। उन्होंने बताया कि इन क्रियाओं के नियमित अभ्यास से तनाव, सिरदर्द, माइग्रेन तथा हृदय रोगों जैसी गंभीर समस्याओं के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर शांति पाठ एवं प्रार्थना के माध्यम से विश्व के समस्त प्राणियों के स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की गई। अंत में एनएसएस समन्वयक एवं व्याख्याता प्रतीक गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भारतीय योग संस्थान की जिला प्रधान संतोष गुप्ता, ओम एनक्लेव समिति केंद्र प्रमुख नीतू शर्मा, लोक अधिकार मंच के संस्थापक शंकर असकंदानी, समाजसेवी जी.डी. पटेल, अध्यक्ष प्रमोद सोनी, आईएसटीडी कोटा चैप्टर के सदस्य, प्रबुद्धजन, व्याख्यातागण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





















