Monday, May 18, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

श्रमदान के साथ सामुदायिक सेवा सप्ताह का समापन, विजेताओं एवं सेवाभावियों का हुआ सम्मान

भारत सिंह चौहान

कोटा। गिरधर गोपाल राजमल सर्राफ चैरिटेबल ट्रस्ट एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के ग्रुप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सामुदायिक सेवा सप्ताह का शनिवार को श्रमदान एवं सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ। सप्ताहभर चले इस आयोजन में स्काउट-गाइड, कब-बुलबुल एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न सेवा गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया।

विद्यालय स्काउट गाइड प्रभारी प्रकाश जायसवाल ने बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि जेसीआई कोटा स्टार के पूर्व प्रेसिडेंट संजय गोयल थे। कार्यक्रम में समाजसेविका अंतिमा मेहरा एवं योगिता महावर विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि संजय गोयल ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बढ़ती ऊर्जा खपत को नियंत्रित करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने डीजल एवं पेट्रोल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन, साइकिल उपयोग एवं पैदल चलने जैसी आदतों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक बचत का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रकाश जायसवाल ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड एवं अतिथियों को ऊर्जा संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर हम ऊर्जा की बचत कर सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।

समापन समारोह में सप्ताहभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सामुदायिक सेवा, स्वच्छता अभियान, श्रमदान एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्काउट-गाइड एवं कब-बुलबुल को भी सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह एवं गर्व साफ दिखाई दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने बताया कि सामुदायिक सेवा सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सामाजिक चेतना का विकास करना है। अंत में अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करने का संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles